विज्ञापन

30 दिन में दूसरी बार खाटूश्यामजी पहुंचे हरभजन सिंह, बाबा श्याम के दर पर टेका मत्था

'टर्बनेटर' हरभजन सिंह आज 7 अप्रैल को फिर खाटूश्यामजी पहुंचे. 8 मार्च को वर्ल्ड कप जीत के बाद दर्शन करने के ठीक एक महीने के भीतर यह उनकी दूसरी यात्रा है.

30 दिन में दूसरी बार खाटूश्यामजी पहुंचे हरभजन सिंह, बाबा श्याम के दर पर टेका मत्था
T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत के बाद दूसरी बार खाटूश्यामजी पहुंचे हरभजन सिंह.
NDTV Reporter

Sikar News: पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह की बाबा श्याम के प्रति अटूट आस्था एक बार फिर देखने को मिली है. 'भज्जी' आज मंगलवार (7 अप्रैल) को एक दिवसीय दौरे पर फिर से खाटूश्यामजी पहुंचे और बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई. गौरतलब है कि पिछले महीने 8 मार्च को भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के ठीक अगले दिन (9 मार्च) भी हरभजन सिंह दर्शन के लिए आए थे. 30 दिनों के भीतर यह उनका दूसरा दौरा है. 

बाबा श्याम से भज्जी ने क्या मांगा?

हरभजन सिंह ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. उन्होंने बाबा श्याम से देश-प्रदेश की खुशहाली के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट के निरंतर उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा. 8 मार्च को वर्ल्ड कप फाइनल की कमेंट्री करने के बाद मिली जीत का आभार जताने वो मार्च में आए थे, और आज 7 अप्रैल को दोबारा उनके आगमन ने प्रशंसकों और श्रद्धालुओं के बीच उनकी गहरी आस्था को स्पष्ट कर दिया है.

मंदिर कमेटी ने किया अभिनंदन

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने हरभजन सिंह का स्वागत किया. उन्हें कमेटी की ओर से बाबा श्याम का पवित्र 'निशान', दुपट्टा और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. हरभजन सिंह ने मंदिर कमेटी की दर्शन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजाम बेहद संतोषजनक हैं. वह करीब आधा घंटा मंदिर कमेटी के कार्यालय में रुके, जहाँ उन्होंने व्यवस्थाओं पर चर्चा की.

दिग्गजों की पहली पसंद बना खाटूधाम

खाटूश्यामजी का दरबार लंबे समय से खेल और सिनेमा जगत की हस्तियों के आकर्षण का केंद्र रहा है. हरभजन सिंह के अलावा टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर भी यहां अक्सर आते रहते हैं. आज हरभजन सिंह के मंदिर पहुंचने की खबर फैलते ही वहां मौजूद प्रशंसकों में उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई. सुरक्षा के बीच उन्हें बाबा श्याम के दर्शन करवाए गए.

ये भी पढ़ें:- खाटूश्याम जी के दर्शन करने पहुंचे हरभजन सिंह, T20 World Cup के बाद टीम इंडिया की निरंतर जीत की कामना

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close