केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल, 25 मई की रात दो दिन के दौरे पर राजस्थान के बीकानेर पहुंचे. वह आज, 26 मई को सबसे पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी सांचू का दौरा करेंगे. वहां वह सुरक्षा बलों के जवानों के साथ संवाद करेंगे और साथ ही सुरक्षा बलों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे.गृह मंत्री अगले कुछ दिनों में देश के कई बॉर्डर क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और सुरक्षा संबंधी बैठकों में हिस्सा लेंगे. इसी कड़ी में वह बीकानेर का दौरा कर रहे हैं. कल रात वह बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचे जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उनका स्वागत किया.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी राजस्थान के बीकानेर में बॉर्डर आउट पोस्ट पर BSF के जवानों से संवाद करने और सीमा सुरक्षा संबंधी विभिन्न कार्यों में भाग लेने बीकानेर पहुँचे, जहाँ एयरपोर्ट पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री @BhajanlalBjp जी, केंद्रीय कानून राज्य… pic.twitter.com/w3KUqVEVC0
— Office of Amit Shah (@AmitShahOffice) May 25, 2026
पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ रोकने और विकास कार्यों पर चर्चा
अमित शाह आज दोपहर 2 बजे बीकानेर में बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा की समीक्षा करेंगे, जिसमें गृह मंत्रालय, राजस्थान सरकार, बीएसएफ के अधिकारी और 5 सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहेंगे.
केंद्रीय कानून मंत्री और बीकानेर के सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने उनके दौरे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गृह मंत्री वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सीमा सुरक्षा, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी. मेघवाल ने इस दौरे को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ होने वाली चर्चाएं सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े मुद्दों का आकलन करने में अहम भूमिका निभाएंगी.
गृह मंत्री शाह का सांचू सीमा चौकी का दौरा करने का कार्यक्रम भी है, जहां वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत करेंगे और मौजूदा सुरक्षा स्थिति, ऑपरेशनल चुनौतियों तथा भविष्य की रणनीतियों पर सीधे तौर पर उनकी राय लेंगे.
बीकानेर के बाद भुज जाएंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को गुजरात के भुज में प्रवास करेंगे. वहां भी वह बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा करेंगे और स्थानीय अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक करेंगे. अमित शाह अगले महीने 5 जून को त्रिपुरा में बॉर्डर क्षेत्र में प्रवास करेंगे. इशके बाद 15 जून के आसपास वह पश्चिम बंगाल का प्रवास करेंगे और वहां बॉर्डर क्षेत्रों में जाएंगे.
ये भी पढ़ें-: AI से होगी 'स्मार्ट खेती', राजस्थान के 95 लाख किसानों के लिए सरकार की बड़ी पहल, हर पल की मिलेगी लाइव अपडेट