विज्ञापन

हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, क्रूजर-स्कॉर्पियो की टक्कर में 3 महिलाओं की मौत... 22 घायल

हनुमानगढ़ में क्रूजर और स्कॉर्पियो गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बच्चे समेत 22 लोग बुरी तरह से घायल हो गए.

हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, क्रूजर-स्कॉर्पियो की टक्कर में 3 महिलाओं की मौत... 22 घायल
हनुमानगढ़ में बड़ा हादसा

Rajasthan Accident: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के नोहर क्षेत्र में सोमवार (30 मार्च)शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसमें क्रूजर और स्कॉर्पियो गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बच्चे समेत 22 लोग बुरी तरह से घायल हो गए. भीषण सड़क हादसा नोहर की ढाणी अराइयांन के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में आ रही दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई.

दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत नोहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. वहीं 6 गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें एक दो साल का मासूम बच्चा भी शामिल है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

घटना स्थल पर एसपी से लेकर कलेक्टर तक पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा, नोहर विधायक अमित चाचाण सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना. जिला कलेक्टर खुशाल यादव भी जिला अस्पताल पहुंचे और वहां उपचार व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने जिला अस्पताल पीएमओ डॉ शंकर सोनी को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

नाबालिग के गाड़ी चलाने का संदेह

जिला कलेक्टर के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे में शामिल एक वाहन को नाबालिग चला रहा था, जिसकी जांच की जा रही है. तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पूरे मामले की जांच के लिए जल्द ही प्रशासनिक कमेटी गठित की जाएगी. साथ ही परिवहन विभाग और यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाएगी. फिलहाल नोहर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर किया है.

हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. क्रूजर गाड़ी में सवार लोग हरियाणा में रिश्तेदारी में शोक संवेदना जताकर लौट रहे थे. हादसा नोहर में आराईवाली बाइपास पर हुआ.

हरियाणा से आ रही थी क्रूजर

एसपी नरेंद्र मीणा ने बताया- क्रूजर सवार लोग सोमवार शाम करीब 7 बजे हरियाणा से रिश्तेदारी में शोक संवेदना जताकर अपने गांव बुधवालियां, रावतसर लौट रहे थे. जबकि बिना नंबर की स्कॉर्पियो सवार लोग जमाल, हरियाणा की तरफ जा रहे थे. इस दौरान नोहर में बाइपास पर सामने से आई स्कॉर्पियो से भिड़ंत हो गई. हादसे में क्रूजर सवार राजबाला (40) पत्नी लक्ष्मणराम, रोशनी (48) पत्नी सागर मल और कलावती (40) पत्नी राजेंद्र की मौत हो गई.

हादसे में 3 से 6 साल के 4 बच्चों समेत 22 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. लोगों को पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायलों को क्षतिग्रस्त गाड़ियों से निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया. 12 लोगों को गंभीर हालत में हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि 10 घायलों का नोहर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.

हादसे में घायल इन लोगों को हनुमानगढ़ किया रेफर हादसे में बुधवालिया गांव निवासी राजो (50) पत्नी हरिसिंह, विजास (25) पत्नी हंसराज, गुलजारी (40) पत्नी रामेश्वर, संतोष (50) पत्नी दर्शन, बनारसी (40) पत्नी राजेश, सीमा (40) पत्नी मोहर सिंह, दर्शन (50) पुत्र गुगनराम, मिनाक्षी (4) पुत्री राजेश, उत्तम (3) पुत्र राकेश, माही (6) पुत्री राकेश और जमाल निवासी चित्रा (5) पुत्री हैप्पी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको हनुमानगढ़ रेफर किया गया है.

य़ह भी पढ़ेंः ACB Action: 15000 रुपये की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर हुआ ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा

    Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

    फॉलो करे:
    Close