Rajasthan News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ इलाके से गुरुवार सुबह की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. देश की दिग्गज प्लाई और लेमिनेट्स निर्माता कंपनी 'ग्रीनलैम लेमिनेट्स' (Greenlam Laminates) के ठिकाने पर आयकर विभाग (Income Tax) ने छापेमारी की है. रीको फेज-2 स्थित इस बड़ी कंपनी पर हुई कार्रवाई ने औद्योगिक क्षेत्र में खलबली मचा दी है.
अंधेरे में पहुंची 8 गाड़ियों का राज
कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि किसी को कानों-कान खबर तक नहीं लगी. अलसुबह करीब 8 गाड़ियों का काफिला अचानक कंपनी के गेट पर रुका. इन गाड़ियों में दिल्ली और जयपुर की संयुक्त टीमों के आला अधिकारी सवार थे. उनके साथ भारी संख्या में सीआरपीएफ (CRPF) के जवान भी तैनात थे, जिन्होंने पहुंचते ही पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया.
जब्त हुए मोबाइल और कटा संपर्क
जैसे ही टीम कंपनी के अंदर दाखिल हुई, सबसे पहले सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए. रेड के डर से फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. टीम ने कंपनी के 'एडमिन ब्लॉक' पर धावा बोला है, जहां से करोड़ों के लेनदेन और टैक्स से जुड़े अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं.
छापेमारी के पीछे की बड़ी वजह
देश की नामी कंपनी पर हुई इस कार्रवाई के तार बड़े स्तर पर टैक्स चोरी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, अधिकारियों ने फैक्ट्री के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया है और भीतर जांच जारी है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच पूरी होने के बाद क्या कोई बड़ा अघोषित संपत्ति का खुलासा होगा या कंपनी को क्लीन चिट मिलेगी?
(ज्यादा जानकारी का इंतजार है...)
ये भी पढ़ें:- विधानसभा में आज हंगामे के आसार! डिप्टी CM पेश करेंगी CAG रिपोर्ट, इन मुद्दों पर सरकार से मांगे जाएंगे जवाब
LIVE TV देखें