विज्ञापन
This Article is From Mar 16, 2026

"आईपीएल ट्रॉफी जीतना लक्ष्य",  वैभव सूर्यवंशी बोले- मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पुरस्कार समारोह में अपने विश्व कप विजेता साथियों से भी मुलाकात की.

"आईपीएल ट्रॉफी जीतना लक्ष्य",  वैभव सूर्यवंशी बोले- मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं
क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी.

अंडर-19 विश्व कप विजेता और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनका लक्ष्य इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए ट्रॉफी जीतना है. सिर्फ 14 साल की उम्र में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2025 में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था. इस साल अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 80 गेंद में 175 रन की पारी ने भारत को रिकॉर्ड छठा खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. 

अब उनका पूरा ध्यान आईपीएल पर है

वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को यहां बीसीसीआई नमन पुरस्कारों के दौरान ‘स्टार स्पोर्ट्स' से कहा, ‘‘इस आईपीएल सत्र में मेरा लक्ष्य टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण है. मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं, ताकि मेरी पारी से पूरी टीम को फायदा मिले. मेरा उद्देश्य राजस्थान रॉयल्स की जीत में योगदान देना और फ्रेंचाइजी के लिए ट्रॉफी जीतना है. ''

उन्होंने कहा, ‘‘बहुत अच्छा लग रहा है. विश्व कप में भारत के लिए ट्रॉफी भी जीती. इस पुरस्कार समारोह की वजह से यहां अपने साथियों और कोचों से फिर से मिलकर बहुत अच्छा लग रहा है." सूर्यवंशी आईपीएल अनुबंध पर हस्ताक्षर करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे. राजस्थान रॉयल्स ने 2024 में 13 वर्षीय इस खिलाड़ी को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था. 

राजस्थान रॉयल्स की सूर्यवंशी पर थी नजर  

बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स की स्काउटिंग टीम काफी समय से उन पर नजर रख रही थी.  उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने घरेलू क्रिकेट में पदार्पण किया, तब से राजस्थान रॉयल्स मेरे घरेलू और अंडर-19 मैच पर नजर रख रही थी. उनकी स्काउटिंग टीम काफी समय से मुझे देख रही थी.  मेरा ट्रायल उनके साथ बहुत अच्छा गया था इसलिए मुझे लगा कि मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ जा सकता हूं.  ''

उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैं राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलकर खुश हूं क्योंकि यहां खेलते हुए मेरे जीवन में भी काफी सुधार आया है.'' सूर्यवंशी ने यह भी बताया कि उन्होंने दिग्गज राहुल द्रविड़ और टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखा है.

 राहुल द्रविड़ से बहुत सीखने को मिला 

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए पहला आईपीएल शिविर हमेशा दिलचस्प होता है और मेरे साथ भी ऐसा ही था. उस समय राहुल द्रविड़ सर वहां थे, इसलिए मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला. टीम में कई वरिष्ठ खिलाड़ी थे, और पहले शिविर के साथ-साथ पहले आईपीएल में भी उनसे काफी सीखने का अनुभव मिला.''

यह भी पढ़ें: राजस्थान में तपती गर्मी के बीच ओलावृष्टि से राहत, जयपुर-भरतपुर में बारिश के आसार, जानें अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com