राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) की चुनाव प्रक्रिया अगले महीने शुरू हो जाएगी. आरसीए चुनाव का नोटिस 7 सितंबर को जारी किया जाएगा. जबकि 29 सितंबर को मतदान हो सकते हैं. क्रिकेट संघ के प्रशासक भास्कर ए सावंत की ओर से एडवोकेट रवि भोजक ने कोर्ट में चुनावी कार्यक्रम पेश किया. इससे पहले 1 जुलाई को हाईकोर्ट ने पूर्व रणजी खिलाड़ी राजीव प्रताप सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई की थी. सुनवाई के दौरान आरसीए की एडहॉक कमेटी को निलंबित किया गया था. उसी दौरान, गृह सचिव (IAS) भास्कर ए. सावंत को प्रशासक नियुक्त करते हुए तीन महीने के भीतर चुनाव कराने के निर्देश दिए थे. लेकिन 29 जुलाई को भी चुनाव कार्यक्रम पेश नहीं किया गया था.
23 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
7 सितंबर को चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस जारी होने के बाद 12 से 16 सितंबर मतदाता सूची पर आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी. 16 से 21 सितंबर तक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्तियों की सुनवाई का समय रहेगा. इसके बाद 23 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
29 सितंबर को घोषित होंगे चुनाव के रिजल्ट
वहीं, 24 सितंबर को नामांकन दाखिल होंगे. अगले दिन 25 को नामांकन पत्रों की जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी. उम्मीदवार 28 सितंबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे. वहीं, आवश्यकता होने पर मतदान के लिए 29 सितंबर तारीख तय की गई है. ठीक उसी दिन यानी 29 सितंबर को ही क्रिकेट संघ के चुनाव के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे.
पिछली सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने थी ये दलील
इससे पहले, याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया था कि 29 जून 2024 को गठित एडहॉक कमेटी को केवल अस्थायी व्यवस्था के रूप में तीन महीने के भीतर चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई थी. इसके बावजूद समय पर चुनाव नहीं कराए गए और कमेटी का कार्यकाल बार-बार बढ़ाया जाता रहा, जिससे अब तक निर्वाचित कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका.
यह भी पढ़ेंः RCA चुनाव को लेकर संशय बरकरार, कोर्ट में पेश नहीं हुआ क्रिकेट एसोसिएशन का इलेक्शन शेड्यूल