विज्ञापन
This Article is From Oct 11, 2025

Rajasthan: इनकम टैक्स रेड पर 'करवा चौथ' का ब्रेक, देश में ऐसा पहली बार! अगले दिन फिर शुरू हुई 40 ठिकानों पर छापेमारी

सूत्रों के मुताबिक, जिन ठेकेदारों के यहां छापा पड़ा था, उनके परिवार की महिलाओं ने व्रत रखा हुआ था. उनकी भावनाओं का ख्याल करते हुए, IT टीम ने राजस्थान के कुछ ठिकानों पर तलाशी को एक दिन के लिए टाल दिया.

Rajasthan: इनकम टैक्स रेड पर 'करवा चौथ' का ब्रेक, देश में ऐसा पहली बार! अगले दिन फिर शुरू हुई 40 ठिकानों पर छापेमारी
NDTV Reporter

Rajasthan News: पूरे देश में टैक्स चोरी और काले धन को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. आयकर विभाग (IT) ने एक बहुत बड़े रेलवे और हाईवे ठेकेदार के ठिकाने पर छापा मारा है. यह ठेकेदार हर साल 8,000 करोड़ रुपये का कारोबार करता है. यह छापेमारी राजस्थान समेत देश के सात राज्यों के करीब 40 ठिकानों पर चल रही है. लेकिन इस बड़े एक्शन के बीच एक अनोखी बात सामने आई है. करवा चौथ (Karwa Chauth) के त्योहार की वजह से IT टीम ने छापेमारी के बीच में एक दिन के लिए काम रोक दिया था. जानकार बता रहे हैं कि देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी सरकारी जांच एजेंसी ने त्योहार के लिए कार्रवाई पर ब्रेक लगाया हो.

आज सुबह फिर शुरू की रेड

दरअसल, IT की टीम ने गुरुवार को ही ठेकेदार और उसके साथियों के ठिकानों पर रेड मारनी शुरू कर दी थी. लेकिन शुक्रवार को करवा चौथ था, जो हिंदू महिलाओं के लिए बहुत बड़ा त्योहार माना जाता है. सूत्रों के मुताबिक, जिन ठेकेदारों के यहां छापा पड़ा था, उनके परिवार की महिलाओं ने व्रत रखा हुआ था. उनकी भावनाओं का ख्याल करते हुए, IT टीम ने राजस्थान के कुछ ठिकानों पर तलाशी को एक दिन के लिए टाल दिया. इस छोटे से ब्रेक के बाद, IT की टीम ने आज (शनिवार) सुबह फिर से जयपुर, उदयपुर, डूंगरपुर और बाकी सभी 40 ठिकानों पर तलाशी और हिसाब-किताब की कार्रवाई शुरू कर दी है.

8,000 करोड़ की कमाई, 40 ठिकानों पर जांच

जिस ठेकेदार समूह पर यह रेड चल रही है, वह कोई छोटा-मोटा नहीं है. यह रेलवे और नेशनल हाईवे (NHAI) के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स का काम करता है और इसका सालाना टर्नओवर लगभग ₹8,000 करोड़ है. कमाल की बात यह है कि यह कंपनी शेयर बाजार में भी लिस्टेड है. IT की टीमें जयपुर में श्यामनगर स्थित ग्लोबल बिल्डस्टेट के दफ्तर समेत दिल्ली, यूपी, गुड़गांव, मध्य प्रदेश और गुजरात तक जांच कर रही हैं. यह कार्रवाई सिर्फ मुख्य ठेकेदार पर नहीं, बल्कि उसके 10 छोटे-बड़े सब-ठेकेदारों पर भी चल रही है. IT को शक है कि इन छोटे ठेकेदारों के नाम पर फर्जी बिल बनाकर करोड़ों रुपये के टैक्स की चोरी की गई है.

पहले CBI और अब IT, क्या है राज?

जांच से पता चला है कि इस ठेकेदार समूह पर पहले भी शक की सुई घूम चुकी है. जून 2022 में इसी समूह के ठिकानों पर CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने भी छापा मारा था. यानी, यह साफ है कि ठेकेदार लंबे समय से पैसे की गड़बड़ियों में फंसा रहा है. 40 से ज्यादा ठिकानों पर कार्रवाई से अब IT को उम्मीद है कि करोड़ों रुपये कैश, सोना और कई बेनामी प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिल सकते हैं. फिलहाल कार्रवाई जारी है, इसलिए कितना काला धन मिला, इसका खुलासा रविवार या सोमवार को हो सकता है.

ये भी पढ़ें:- करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला SMS अस्पताल का HOD, आलीशान मकान देख सन्न रह गए ACB अधिकारी

यह VIDEO भी देखें

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com