विज्ञापन

जयपुर: सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल ने बिना दहेज रचाया विवाह, समाज में पेश की मिसाल

राजस्थान में जयपुर जिले की बस्सी तहसील में सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल रामहेत मीणा ने बिना दहेज विवाह कर समाज को सशक्त संदेश दिया. सादगीपूर्ण समारोह में दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का उदाहरण पेश किया.

जयपुर: सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल ने बिना दहेज रचाया विवाह, समाज में पेश की मिसाल
सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल रामहेत मीणा ने बिना दहेज के शादी कर ली.

Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर जिले की बस्सी तहसील में दहेज प्रथा के खिलाफ एक प्रेरक पहल देखने को मिली. Central Reserve Police Force के उप महानिरीक्षक कार्यालय अजमेर की मंत्रालय शाखा में तैनात हेड कांस्टेबल रामहेत मीणा ने 20 फरवरी को बिना दहेज विवाह कर समाज के सामने नई मिसाल पेश की.

पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सशक्त संदेश

बस्सी के बुडथल निवासी संतोष मीणा के साथ संपन्न हुए इस विवाह में सभी पारंपरिक रस्में निभाई गईं लेकिन किसी प्रकार का दहेज लेनदेन नहीं हुआ. समारोह सादगीपूर्ण रहा और इसमें सामाजिक संदेश सबसे प्रमुख रहा. उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की.

परिवार पहले से बना चुका है उदाहरण

रामहेत मीणा जयपुर जिले की बस्सी तहसील के भावसर ईश्वरवाला गांव के निवासी हैं. वे दो भाइयों और छह बहनों के परिवार से आते हैं. खास बात यह है कि उनके बड़े भाई हनुमान मीणा ने भी पहले बिना दहेज विवाह कर परिवार में सामाजिक जागरूकता की नींव रखी थी.

बेटियां बनीं आत्मनिर्भर

यह परिवार महिला सशक्तिकरण का भी मजबूत उदाहरण है. रामहेत की छह बहनों में से चार बहनें पुलिस विभाग में सेवाएं दे रही हैं. एक टेलीकॉम पुलिस में कार्यरत हैं दो आरएसी बटालियन में तैनात हैं और एक दिल्ली पुलिस में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. परिवार ने बेटियों को बोझ नहीं बल्कि ताकत माना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया.

माता-पिता से मिला संस्कार

रामहेत मीणा ने बताया कि बिना दहेज विवाह का विचार उन्हें अपने माता-पिता घासीराम मीणा और जमुरी देवी से मिला. उनके अनुसार जब हम देश की सेवा करते हैं तो समाज की बुराइयों को खत्म करना भी हमारी जिम्मेदारी है. दहेज परंपरा नहीं बल्कि कुरीति है जिसे खत्म होना चाहिए.

युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम

रामहेत मीणा का यह निर्णय केवल निजी जीवन का फैसला नहीं बल्कि सामाजिक चेतना का संदेश है. उनका यह कदम युवाओं को दहेज मुक्त विवाह अपनाने के लिए प्रेरित करता है और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा दिखाता है.

यह भी पढ़ें- जेल में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में टूटी सांसें; करौली जिला कारागार में बंदी की मौत से मचा हड़कंप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close