विज्ञापन

जयपुर में सरेआम फायरिंग की चर्चा! पुलिस ने दर्ज की FIR, यूथ कांग्रेस के चुनाव से जुड़ा है मामला

परिवादी कमल मीणा ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी. उसका आरोप है कि राहुल मीणा समेत कुछ अन्य लोगों ने उसे धमकाया.

जयपुर में सरेआम फायरिंग की चर्चा! पुलिस ने दर्ज की FIR, यूथ कांग्रेस के चुनाव से जुड़ा है मामला

Jaipur News: जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र में एक कारोबारी पर फायरिंग की चर्चा से सनसनी फैल गई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें लोग फायरिंग की घटना का भी ज़िक्र कर रहे हैं. दूसरी ओर, पुलिस में दर्ज एफआईआर में परिवादी कमल मीणा ने फायरिंग की बात से इनकार किया है. प्रॉपर्टी कारोबारी कमल मीणा उर्फ कमल सिरसी के मुताबिक, घर से मंदिर जाते समय कुछ लोग आए और उनकी कार के सामने गाड़ी लगा दी. इसके बाद हथियार लहराकर धमकाने की कोशिश की. इस पूरे मामले में यूथ कांग्रेस के चुनाव से जुड़ा मामला भी सामने आ रहा है. राहुल मीणा समेत कुछ अन्य लोगों का नाम लेते हुए परिवादी ने शिकायत दी कि उसे चुनाव से जुड़े मामले के चलते धमकाया जा रहा था. 

क्या है पूरा मामला?

प्रॉपर्टी कारोबारी कमल मीणा ऊर्फ कमल सिरसी का राहुल मीणा से विवाद हुआ. शनिवार (14 मार्च) सुबह करीब 11:30 बजे कमल मीणा घर से मन्दिर के लिए निकला था. इस दौरान कुछ बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में तेज रफ्तार से गाड़ी लाते हुए कमल की कार के सामने रोक दिया. परिवादी ने पुलिस को यह जरूर बताया कि आरोपी हथियार लहराकर धमकाते हुए भाग गए और कमल मीणा ने भी बाद में उनका पीछा भी किया. कमल मीणा ने कहा कि आरोपियों की गाड़ी को उसने भी टक्कर मारकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वो नाकाम रहा.

हर एंगल से पुलिस कर रही जांच

एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता ने बताया कि यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि राहुल मीणा और कमल मीणा साथ काम कर चुके हैं. फिलहाल राहुल मीणा कार रेंटल का काम करता है. ऐसे में इस मामले में प्रॉपर्टी विवाद, इलेक्शन विवाद और कार रेंटल विवाद, हर एंगल को देखा जा रहा है. 

2 आरोपी डिटेन, एक गाड़ी बरामद

पुलिस की स्पेशल टीम इस मामले में तफ्तीश कर रही है. कुछ आरोपियों को चिन्हित भी कर लिया है. साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को डिटेन भी किया और एक गाड़ी भी बरामद की है. पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले हैं और आरोपी राकेश मीणा की लोकेशन ट्रेस की जा रही है. डीसीपी हनुमान मीणा ने भी मामले पर रिपोर्ट ली और कमिश्नर को पूरी घटना की जानकारी दी. 

क्या कहना है आरोपी राहुल मीणा का?

इस मामले में आरोपी राहुल मीणा ने वीडियो जारी कर जयपुर पश्चिम से यूथ कांग्रेस के ज़िलाध्यक्ष का चुनाव लड़ने को विवाद का कारण बताया है. राहुल मीणा ने कमल मीणा, जीतू माट साब, अनिल हरियाणा और जीतू मीणा पर चुनाव से नाम वापस लेने का दबाव बनाने और गाड़ी पर टक्कर मारने का आरोप लगाया. 

राहुल मीणा ने आरोप लगाए कि वह चुनाव से नाम वापस नहीं ले रहा था तो उस पर दबाव बनाया. उसने भी फायरिंग की घटना से इनकार किया. साथ ही आरोप लगाए कि कमल मीणा और उसके साथियों ने ही 2 फोन छीन लिए.  

यह भी पढ़ेंः जैसलमेर में गूंजी 2 नन्हें गोडावण की किलकारी, एक चूजे का प्राकृतिक तो दूसरे का कृत्रिम गर्भाधान से हुआ जन्म

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close