Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर के क्रिएटिव शूट ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. ट्रैवलिंग आर्ट फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने यहां एक हाथी को चमकीले गुलाबी रंग से रंगकर फोटोशूट किया. तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते ही लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. जहां कुछ ने फोटो की खूबसूरती की तारीफ की वहीं ज्यादातर लोगों ने हाथी के साथ इस तरह के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई.
वन्यजीव सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
सोशल मीडिया यूजर्स ने हाथी को इस तरह रंगने को जानवरों के शोषण से जोड़ा. कई लोगों ने कहा कि वन्यजीवों को सजावट के लिए इस्तेमाल करना गलत है और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए. कुछ ने फोटो की कलात्मकता सराही लेकिन अधिकांश ने चिंता जताते हुए लिखा कि ऐसे शूट से जानवरों को परेशानी हो सकती है.
जूलिया ने बताया शूट का पूरा मकसद
जूलिया बुरुलेवा ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारत आना उनके लिए बहुत सार्थक रहा. उन्होंने जयपुर में छह हफ्ते बिताए. पहले हफ्ते में शहर का गुलाबी रंग उनके दिमाग में बस गया. फिर हेरिटेज गेट के सामने गुलाबी हाथी और मॉडल यशस्वी के साथ शूट का आइडिया आया. उन्होंने कहा कि राजस्थान में हाथी हर जगह दिखते हैं. सड़कों पर सजावट में और वास्तुकला में यह राज्य का मुख्य प्रतीक है. इसे प्रोजेक्ट में शामिल न करना असंभव था.
वन विभाग करेगा पूरी जांच
वन विभाग के अधिकारियों ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि पूरी घटना की जांच कराई जाएगी. यह देखा जाएगा कि हाथी को रंगने की अनुमति ली गई थी या नहीं और जानवर की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया था या नहीं. स्थानीय लोग और जानवर प्रेमी अब उम्मीद कर रहे हैं कि विभाग जल्दी सख्त कदम उठाएगा ताकि भविष्य में कोई भी जानवर का अनुचित इस्तेमाल न हो.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में 1 अप्रैल से सड़क पर सफर महंगा, जयपुर से दिल्ली-अजमेर जाने पर लगेगा ज्यादा टोल टैक्स