Rajasthan News: जयपुर ग्रामीण के रेनवाल में किसानों के हक की लड़ाई अब 'विधायक बनाम प्रशासन' की बड़ी जंग में तब्दील हो गई है. फुलेरा से कांग्रेस विधायक विद्याधर सिंह चौधरी का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वे SHO के बाद अब SDM को उनके चैंबर में घुसकर 'जूते मारने' और 'देख लेने' जैसे शब्दों का प्रयोग कर सीधी धमकी देते सुनाई दे रहे हैं.
'चैंबर में आकर देख लूंगा'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस नए वीडियो में विधायक विद्याधर सिंह का उग्र रूप साफ दिख रहा है. उन्होंने SDM के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए खुलेआम चेतावनी दी कि वे अधिकारियों को उनके कार्यालय में आकर सबक सिखाएंगे. विपक्ष ने इसे प्रशासनिक गरिमा पर सीधा हमला बताते हुए विधायक पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है और सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी है.
SHO से भी हुई थी तीखी नोकझोंक
इससे पहले इसी धरना स्थल से एक और वीडियो चर्चा में आया था, जिसमें विधायक की थाना प्रभारी (SHO) नरेश कंवर से तीखी भिड़ंत हुई थी. उस दौरान विधायक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वर्दी की धौंस को चुनौती दी थी और कहा था, 'हम हमारी सीमा लांघ देंगे तो कब तक अधिकारी रहोगे आप?'
क्यों सुलग रहा है रेनवाल?
यह पूरा बवाल रेनवाल की एक ऑयल मिल फैक्ट्री से जुड़ी करोड़ों रुपए की कथित धोखाधड़ी से शुरू हुआ है. पीड़ित किसान पिछले 14 दिनों से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर SDM कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठे थे. पुलिस द्वारा लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने पर विधायक किसानों के समर्थन में पहुंचे थे. प्रशासन की मौजूदगी में अब फैक्ट्री पर ताला जड़ दिया गया है और धरनार्थी सुरेंद्र महला का अनशन तुड़वाया गया है.
5 अप्रैल तक का अल्टीमेटम
कमेटी के निर्णय के बाद फिलहाल इस आंदोलन को 5 अप्रैल तक के लिए स्थगित किया गया है. हालांकि, किसानों और विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे दोबारा उग्र प्रदर्शन करेंगे. लगातार सामने आ रहे वीडियो और आरोप-प्रत्यारोप के बीच रेनवाल का यह मामला अब पूरी तरह राजनीतिक टकराव में बदल चुका है.
ये भी पढ़ें:- "हम सीमा लांघ गए तो कब तक अधिकारी रहोगे", फुलेरा विधायक और महिला SHO में नोक-झोंक