जयपुर में मेट्रो स्टेशन पर एक ऐसा वीडियो सामने आया कि देखकर एक बार दिल दहल जाएगा. गोद में बच्चा लेकर एस्केलेटर पर चढ़ रही महिला अचानक फिसल गई. कुछ पल तक तो उसे कुछ समझ नहीं आया. बच्चे की जान पर आफत देख महिला भी जूझती दिखी. मामला सिंधी कैम्प मेट्रो स्टेशन का है. शुक्रवार (24 अप्रैल) सुबह जब बड़ा हादसा होते-होते टल गया. महिला का संतुलन बिगड़ गया था और उसकी गोद में मासूम भी फिसलने की स्थिति में आ गया था. तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने महिला और बच्चे, दोनों को बचा लिया.
ASI की सतर्कता काम आई
घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि कैसे वहां तैनात ASI दुर्गा प्रसाद ने सतर्कता दिखाई और दोनों को बचा लिया. पलभर की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते सुरक्षाकर्मी ने टाल दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एस्केलेटर पर कदम रखते ही महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह घबरा गई. इसी दौरान वहां तैनात ASI दुर्गा प्रसाद ने तुरंत स्थिति को भांप लिया. बिना समय गंवाए उन्होंने तेजी से दौड़ लगाई और एस्केलेटर पर गिरती महिला और बच्चे को संभाल लिया. ASI दुर्गा प्रसाद की सूझबूझ और तत्परता काम आई. घटना के बाद दोनों सुरक्षित है.
पुलिस विभाग ने की सराहना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी घटना मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से ASI दुर्गा प्रसाद की सराहना की गई है. उनके इस साहसिक कार्य को कर्तव्यनिष्ठा का बेहतरीन उदाहरण बताया गया है.
यह भी पढ़ेंः "मैडम आप यह ड्रेस ले लो", कुलपति को RSS की यूनिफॉर्म देने लगे छात्र, RU में हाई वॉल्टेज ड्रामा