जयपुर: SMS अस्पताल का कमाल, पत्नी ने दिया लिवर; 18 घंटे की सर्जरी के बाद पति को मिला नया जीवन

राजस्थान में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों ने 18 घंटे की जटिल सर्जरी कर पत्नी के लिवर से पति को नया जीवन दिया. यह सफल ट्रांसप्लांट राजस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर के एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों ने 18 घंटे की जटिल सर्जरी कर पत्नी के लिवर से पति को नया जीवन दिया.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित एसएमएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और सफल लिवर ट्रांसप्लांट कर नया इतिहास रच दिया. अस्पताल में भर्ती मरीज गंभीर लिवर रोग से पीड़ित था. उसे पीलिया, पेट में पानी भरना, खून का पतला होना और दिमाग पर असर जैसे लक्षण लगातार परेशान कर रहे थे. जांच के बाद डॉक्टरों ने साफ कर दिया कि लिवर ट्रांसप्लांट ही उसकी जान बचाने का एकमात्र उपाय है.

पत्नी बनी जीवनदाता

इस मुश्किल घड़ी में मरीज की पत्नी ने हिम्मत दिखाई और अपने लिवर का हिस्सा दान करने का फैसला लिया. जरूरी मेडिकल जांचों के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डोनर के रूप में फिट पाया. इसके बाद ट्रांसप्लांट की पूरी तैयारी शुरू की गई और ऑपरेशन का निर्णय लिया गया.

Advertisement

18 घंटे तक चला ऑपरेशन

यह सर्जरी बेहद जटिल थी जो करीब 18 घंटे तक चली. बुधवार सुबह 6:30 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन देर रात 2:30 बजे सफलतापूर्वक पूरा हुआ. इस दौरान डॉक्टरों की टीम लगातार ऑपरेशन थिएटर में डटी रही और हर चुनौती का सामना करते हुए मरीज को नया जीवन दिया.

विशेषज्ञों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल ऑपरेशन में डॉ. दिनेश भारती, डॉ. आशुतोष पंचोली, डॉ. राघुराम, डॉ. पूनम, डॉ. ममता, डॉ. महिपाल, डॉ. योगेश, डॉ. संजय, डॉ. गीतांश और डॉ. सौविक सहित कई अनुभवी डॉक्टर शामिल रहे. इसके अलावा एनेस्थीसिया टीम, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विशेषज्ञ और ऑपरेशन थिएटर व ICU स्टाफ ने भी अहम योगदान दिया.

राजस्थान के लिए बनी बड़ी उपलब्धि

यह सर्जरी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मृणाल जोशी के मार्गदर्शन में पूरी हुई. अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सफलता उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और बेहतरीन टीमवर्क का उदाहरण है. यह उपलब्धि न केवल जयपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है और गंभीर लिवर रोग से जूझ रहे मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आई है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने टेम्पो को मारी टक्कर, मची चीख पुकार, 1 की मौत

Advertisement