तनोट माता दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, एक की मौत 4 गंभीर घायल 

जैसलमेर में तनोट माता के दर्शन कर लौट रहे बीकानेर के परिवार की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. हादसे में किशोर की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
तनोट माता के दर्शन कर लौट रहे बीकानेर के परिवार की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई.

Rajasthan News: राजस्थान के जैसलमेर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है.  जिसमें तनोट माता के दर्शन के लिए गया बीकानेर का एक परिवार हादसे का शिकार हो गया. दर्शन कर वापसी आते टाइम उनकी कार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. जैसलमेर-रामगढ़ मार्ग पर हुई इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे में उड़े कार के परखच्चे 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी स्विफ्ट कार की टक्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर ट्रॉली के अंदर जा धंसा. टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर मदद के लिए दौड़ पड़े. कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि टक्कर कितनी भयानक रही होगी. लोगों ने फंसी हुई कार के अंदर से घायलों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की.

Advertisement

इस संकट की घड़ी में वीरेंद्र सिंह सोलंकी देवदूत बनकर सामने आए. उन्होंने किसी भी औपचारिक सहायता का इंतजार किए बिना, तुरंत अपनी निजी गाड़ी का उपयोग किया और सभी घायलों को बिना समय गंवाए राजकीय जवाहिर चिकित्सालय जैसलमेर पहुंचाया. उनकी इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर चिकित्सा मिल सकी.

एक परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

अस्पताल में चिकित्सकों ने बीकानेर के नोखा निवासी 17 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र भगवानाराम को मृत घोषित कर दिया. वहीं पिता भगवानाराम, माता यशोदा देवी और छोटे भाई नरेंद्र कुमार उर्फ मोनू गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

यशोदा देवी की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है, जिस कारण उन्हें जोधपुर रेफर किया गया है. कार चालक मोहित शर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए बीकानेर भेजा गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

यह भी पढ़ें- नेशनल हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों का प्रदर्शन, मरीज को ले जाती एंबुलेंस फंसी, 40 डिग्री में लोगों के छूटे पसीने

Advertisement