विज्ञापन

जैसलमेर-जयपुर हवाई सेवा 3 मई से शुरू, जानें फ्लाइट का किराया और पूरा शेड्यूल; बुकिंग चालू

स्वर्णनगरी जैसलमेर के लिए बड़ी खुशखबरी है. पहली बार समर शेड्यूल में जैसलमेर से जयपुर के बीच नियमित फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है. इससे पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को नया संबल मिलेगा.

जैसलमेर-जयपुर हवाई सेवा 3 मई से शुरू, जानें फ्लाइट का किराया और पूरा शेड्यूल; बुकिंग चालू
जैसलमेर से जयपुर के बीच नियमित फ्लाइट सेवा शुरू हो रही है.

Rajasthan News: राजस्थान की पर्यटन नगरी जैसलमेर के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आई है. पहली बार समर शेड्यूल में जैसलमेर से जयपुर के बीच नियमित हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. अब तक गर्मियों में सीमित कनेक्टिविटी के कारण पर्यटन प्रभावित होता था लेकिन इस नई पहल से हालात बदलने की उम्मीद है.

3 मई से शुरू होगी एलायंस एयर की सेवा

एलायंस एयर 3 मई से जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर के बीच साप्ताहिक दो उड़ानों का संचालन करेगी. यह 70 सीटर विमान हर रविवार और गुरुवार को उड़ान भरेगा. जयपुर से सुबह 9:20 बजे रवाना होकर विमान 11:05 बजे जैसलमेर पहुंचेगा. वहीं जैसलमेर से 11:30 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1:15 बजे जयपुर पहुंचेगा.

ऑनलाइन बुकिंग शुरू किराए भी तय

इस फ्लाइट सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है. जयपुर से जैसलमेर का किराया लगभग 5300 रुपए और जैसलमेर से जयपुर का किराया करीब 4400 रुपए रखा गया है. इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को सुविधा मिलेगी.

स्थानीय सहयोग से बनी मिसाल

इस हवाई सेवा को शुरू कराने में प्रशासन के साथ होटल व्यवसायियों, स्थानीय निवासियों और कॉरपोरेट कंपनियों की अहम भूमिका रही है. बिना किसी औपचारिक एमओयू के सभी ने आपसी सहमति से सहयोग किया. सीमेंट और पावर कंपनियों ने हर महीने 100-100 टिकट बुक करने का भरोसा दिया है. होटल व्यवसायियों ने भी नियमित बुकिंग की जिम्मेदारी ली है.

नाइट टूरिज्म और रोजगार को बढ़ावा

जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि यह पहली बार है जब समर शेड्यूल में नियमित फ्लाइट शुरू हो रही है. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि इससे नाइट टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा. होटल व्यवसायी ऋषभ के अनुसार इससे रोजगार बढ़ेगा और पर्यटन सीजन लंबा हो सकता है.

पायलट प्रोजेक्ट से सालभर की उड़ान की उम्मीद

फिलहाल इस सेवा को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है. यदि यह सफल रहता है तो भविष्य में जैसलमेर के लिए सालभर नियमित हवाई सेवा का रास्ता खुल सकता है जो स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि होगी.

यह भी पढ़ें-  Rajasthan Bar Council Election: जयपुर में बार काउंसिल चुनाव में हंगामा, वोटिंग सस्पेंड; धांधली के आरोप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close