राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार को एक तेल टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया है. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ने कूदकर अपनी जान बचाई है. जानकारी के अनुसार, टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था. इसी दौरान जैसलमेर-जामनगर हाईवे पर (NH-68) पर सिडवाड़ा ओवरब्रिज के पास हो गया है. टैंकर में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा है.
ब्रिज पर चढ़ते ही पलटा टैंकर
जानकारी के मुताबिक, टैंकर ब्रिज पर चढ़ते ही पलट गया और आग की चपेट में आ गया. टैंकर में लगी आग ने कुछ ही पल में विकराल रूप ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर में आग लगते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. हादसे में मोखावा निवासी सुखराम पुत्र देदाराम मेघवाल (34) की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई.
भीषण आग से यातायात बाधित
वहीं, टैंकर में मौजूद दूसरा व्यक्ति नरसीराम पुत्र जोधाराम मेघवाल (26), निवासी गोलिया गर्वा ने आग लगते ही कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि हाईवे के कई मीटर हिस्से उसकी चपेट में आ गए, जिसकी वजह से एक तरफ का यातायात बाधित हो गया.
गुजरात नंबर का है तेल टैंकर
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. इसके बाद सांचौर से दमकल वाहन बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गुजरात नंबर का यह टैंकर भारत पेट्रोलियम का बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित कर लिए हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन तकनीकी कारण या ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें-