Jhalawar Suicide case: झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र में 15 महीने पुराने सामूहिक आत्महत्या केस पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने गुरुवार (12 मार्च) को आरोपी गोविंद सिंह को गिरफ्तार कर चौमहला कोर्ट में पेश किया. आरोपी को ज्यूड़िशियल कस्टडी में भेज दिया है. थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद सिंह के मृतक की पत्नी संतोष बाई से अवैध संबंध थे. जब नागू सिंह को इस बात का पता चला तो उनके बीच विवाद बढ़ गया था. इसके चलते यह घटना हुई.
3 सदस्य फंदे से लटके मिले थे, एक बिस्तर पर मृत
यह सुसाइड केस जेताखेड़ी गांव का है, जहां 3 दिसंबर 2024 को एक ही परिवार के 4 सदस्यों ने आत्महत्या कर ली थी. पति नागू सिंह, पत्नी संतोष बाई और उनके 6 वर्षीय बेटे युवराज के शव घर के कमरे में फंदे से लटके मिले थे. जबकि नागू सिंह का 1 साल का बेटा बिस्तर पर मृत पाया गया था. इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी.
सुसाइड नोट लिखी थी ये बात
घटनास्थल पर एक पत्र भी मिला था. संभावना जताई गई कि यह नागू सिंह की तरफ से लिखा गया था. पत्र में लिखा था कि मैं जब सुबह सोकर उठा तो मैंने देखा कि मेरी पत्नी ने छोटे बच्चे को मार डाला है और खुद ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है. पत्र में आगे लिखा था कि अब मैं और बड़ा बच्चा भी फांसी लगा रहे हैं, क्योंकि पत्नी के पीहर वालों ने धमकी दी है कि अगर उनकी पुत्री और छोटे बच्चों को कुछ हो गया तो वह हमें जिंदा जला देंगे.
2 लोगों पर धमकी देने के आरोप
मृतक नागू सिंह के पिता शिव सिंह ने करीब चार माह पहले कोर्ट में एक इस्तगासा दायर किया था. अधिवक्ता यशवंत सिंह परमार ने बताया कि शिव सिंह ने गांव के ही गोविंद सिंह पर नागू सिंह और संतोष बाई को डराने-धमकाने का आरोप लगाया था. कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
यह भी पढ़ेंः 'मर्द तो कहीं भी जा सकते हैं, हम कहां जाएं? 'उस महिला शौचालय की कड़वी सच्चाई जिसका वीडियो हुआ वायरल