ANTF टीम पर गंभीर आरोप, छापेमारी के दौरान बेरहमी से पिटाई ने ली युवक की जान; इलाके में भड़का आक्रोश

राजस्थान के झालावाड़ में पुलिस छापेमारी के बाद आरिफ नामक युवक की संदिग्ध मौत से तनाव फैल गया है. परिजनों ने पुलिस पर बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाते हुए डग थाने के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान के झालावाड़ में पुलिस छापेमारी के बाद आरिफ नामक युवक की संदिग्ध मौत से तनाव फैल गया है.

Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक छापेमारी के दौरान हुई युवक की मौत ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. डग कस्बे में ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की मारपीट के कारण ही 38 वर्षीय आरिफ खान की जान गई है.

जानें क्या है पूरा मामला

घटना घाटा खेड़ी गांव की है. जानकारी के अनुसार एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम तस्करों को पकड़ने के उद्देश्य से गांव में छापेमारी करने पहुंची थी. इस दौरान टीम ने आरिफ खान पुत्र चमन खान को पकड़ा. परिजनों और ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि टीम ने आरिफ के साथ बेरहमी से मारपीट की जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. परिजनों का कहना है कि पुलिस घायल आरिफ को डग अस्पताल के बाहर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गई.

Advertisement

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत उसे इलाज के लिए डग अस्पताल से पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के आगर स्थित अस्पताल ले गए. हालांकि वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोग सड़कों पर उतर आए.

थाने के बाहर प्रदर्शन और पुलिस की तैनाती

नाराज ग्रामीण मृतक के शव को वाहन में लेकर डग थाने के सामने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों की मांग है कि दोषी टीम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए और उन्हें तुरंत निलंबित किया जाए. थाने के बाहर भारी भीड़ और नारेबाजी को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

प्रशासन का पक्ष

झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. उन्होंने बताया कि एएनटीएफ की टीम छापेमारी पर गई थी और अब परिजनों के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.

यह भी पढ़ें- सीकर के होटल मालिक से गोदारा गैंग के नाम पर मांगी 2 करोड़ की फिरौती, वॉइस मैसेज से दी जान से मारने की धमकी

Advertisement