Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पर पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से करीब 4 किलो सोना निकाल लिया गया. इसके बाद लॉकर में नकली सोना रख दिया गया. जानकारी के अनुसार, जब ग्राहक लॉकर से अपना सोना लेना आया और उसने लॉकर खोलकर सोना देखा तो तब गड़बड़ी सामने आई कि वहां उसका सोना नहीं था, असली सोने की जगह नकली सोना रखा गया था. पुलिस ने लॉकर में से करीब साढ़े 06 करोड़ का सोना निकालकर उसके बदले नकली सोना रखने पर बैंक मैनेजर समेत तीन बैंककर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
4 किलो सोने के आभूषण कम मिले
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि नवलगढ़ के बैंक के वर्तमान वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि ग्राहकों को ‘गोल्ड लोन' देने के बदले लॉकर में सोने के आभूषणों के जो पैकेट रखे हुए थे, उनमें से 73 पैकेट में असली सोने के आभूषण को निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए, जबकि तीन पैकेट में आभूषणों का वजन कम मिला. शुरुआती जांच में कुल 4198 ग्राम सोने के आभूषण कम मिले.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में तत्कालीन सीनियर बैंक मैनेजर सीथल निवासी अमित कुमार, बैंककर्मी (बाजीवाली ढाणी झाझड़ निवासी) संतोष कुमार सैनी और उप प्रबंधक (मुकुंदगढ़ निवासी) अनंतप्रकाश चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि लॉकर की जिम्मेदारी अमित कुमार और अनंतप्रकाश चौधरी के पास थी. 28 जनवरी को लॉकर की जिम्मेदारी उप प्रबंधक सीमा महला को सौंपी गई.
ग्राहक ने खोला लॉकर तब पता चली गड़बड़ी
एसपी के अनुसार, जब एक ग्राहक लॉकर से अपना सोना लेना आया और उसने लॉकर खोलकर सोना देखा तब गड़बड़ी सामने आई कि वहां उसका सोना नहीं था, असली सोने की जगह नकली सोना रखा गया था. सहायक पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत ने बताया कि टीम संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. मुकेश ने 30 जनवरी को ही नवलगढ़ शाखा में पदभार संभाला है.
यह भी पढे़ं-
हनुमानगढ़ में पकड़ी गई करीब 3 करोड़ की शराब, बड़े ब्रांड की 1500 से ज्यादा पेटी बरामद
राजस्थान में मंत्री और विधायक के बीच असली बाप और DNA टेस्ट तक बात पहुंची, जानें पूरा मामला