छात्रसंघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर जोधपुर में भी स्टूडेंट्स सड़कों पर हैं. छात्रसंघ चुनाव को लेकर जोधपुर के छात्रों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी कई बार उलझते दिखे. पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया है. जब विश्वविद्यालय के मुख्य ऑफिस के बाहर छात्र सड़क जाम करने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने सख्ती से छात्रों को हटाया. मौके पर जमा छात्रों को पुलिस ने खदेड़ा. ये छात्र एमएल चौधरी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे थे. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया. विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है.
पुलिस की समझाइश, छात्र अड़े रहे
कुछ प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय मुख्य कार्यालय के बाहर सड़क जाम करने का प्रयास किया. इसी दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई. पुलिसकर्मियों ने छात्रों से समझाइश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. इस दौरान कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

जोधपुर में पुलिसकर्मियों से उलझे छात्र.
प्रदर्शनकारियों पर हल्का बल प्रयोग
इस दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात को सुचारु कराया. मौके पर हल्का बल प्रयोग कर वहां जमा छात्रों को हटाने की कोशिश की. पुलिस कई छात्रों को वाहनों में बैठाकर थाने भी ले गई.
वहीं, छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के बाद से विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह भी पढ़ेंः IPS शरण गोपीनाथ के 'एंटीवायरस' में फंसे पीतल को सोना बतानेवाले ठग, करोड़ों का लगा चुके हैं चूना