Rajasthan News: राजस्थान में जोधपुर जिले के ओसियां थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब दो सप्ताह पहले एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की गंभीर घटना सामने आई. आरोप है कि कुछ युवकों ने जबरदस्ती वारदात को अंजाम दिया और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिससे मामला और संवेदनशील हो गया.
परिजनों ने दर्ज करवाई FIR
पीड़िता के परिवार ने 4 अप्रैल को ओसियां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. शिकायत में जोगाराम स्वरूप पुरी भंवरलाल और अशोक निवासी महादेव नगर सहित चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
मामला दर्ज होने के बाद ओसियां पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी की गई लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है.
घटना के दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों और पीड़िता के परिजनों में नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़िता के परिवार वालों ने ओसियां वृताधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए.
पुलिस का कहना है कि चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है और उनकी तलाश जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- उदयपुर के होटल मनसा गार्डन एंड रेस्टोरेंट्स पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, अब बचा सिर्फ मलबा