Rajasthan News: भारतमाला एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. जोधपुर ग्रामीण के बालेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जियाबेरी सरहद में एक्सप्रेसवे पर आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रही दूसरी पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आई पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई.
कृषि यंत्रों से भरी थी पिकअप
जिस पिकअप गाड़ी ने पीछे से टक्कर मारी वो खेती के सामान से भरी हुई थी, जिसमें पंजाब के रहने वाले दो सरदार सवार थे. टक्कर इतनी घातक थी कि पिकअप में सवार इन दोनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया
सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों पिकअप गाड़ियों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया. इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवा दिया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- दिसंबर तक नहीं होंगे पंचायत और निकाय चुनाव? राजस्थान हाईकोर्ट आज सुना सकता है बड़ा फैसला!