विज्ञापन

SIR Rajasthan Final List: जोधपुर वोटर लिस्ट में बड़ा फेरबदल, 2 लाख लोगों के नाम कटे; अशोक गहलोत के गढ़ में सबसे बड़ी सेंध

सावधान! जोधपुर में 2 लाख लोग अब नहीं दे पाएंगे वोट. SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है, जिसमें ज्यादा नाम सरदारपुरा से गायब हुए हैं. हालांकि जिला कलेक्टर ने कहा है कि इस लिस्ट से जिन लोगों को आपत्ति है वे 15 दिनों के अंदर अपील कर सकते हैं.

SIR Rajasthan Final List: जोधपुर वोटर लिस्ट में बड़ा फेरबदल, 2 लाख लोगों के नाम कटे; अशोक गहलोत के गढ़ में सबसे बड़ी सेंध
SIR Jodhpur Final List: जोधपुर में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा वोट कटे हैं.
X@ashokgehlot51

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर (Jodhpur) जिले में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (SIR) के बाद आई अंतिम लिस्ट ने सबको चौंका दिया है. जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने ताजा आंकड़ें जारी कर बताया है कि जिले की वोटर लिस्ट से 2 लाख 3 हजार 381 वोटर्स के नाम काट दिए गए हैं. अब जोधपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 97 हजार 971 रह गई है. इस पूरी प्रक्रिया में सबसे ज्यादा असर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) के विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला है.

ओसियां में सबसे कम असर

आंकड़ों का विश्लेषण करें तो सबसे बड़ा उलटफेर सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में हुआ है, जो अशोक गहलोत का निर्वाचन क्षेत्र है. यहां फाइनल SIR के बाद रिकॉर्ड 51,071 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. इसके बाद सूरसागर का नंबर आता है जहां 43,554 नाम कम हुए हैं. वहीं, सबसे कम नाम ओसियां विधानसभा क्षेत्र से कटे हैं, जहां केवल 7,512 वोटर्स कम हुए हैं.

कहां कितने वोट कटे?

  • सरदारपुरा: सबसे अधिक 51,071 नाम कटे.
  • सूरसागर: 43,554 नाम कम हुए.
  • जोधपुर शहर: 39,459 मतदाताओं की छुट्टी.
  • लूणी: 29,866 नाम कटे.
  • बिलाड़ा: 11,873 मतदाता कम हुए.
  • भोपालगढ़: 11,778 नाम हटाए गए.
  • शेरगढ़: 8,328 मतदाता कम हुए.
  • ओसियां: सबसे कम 7,512 नाम कटे.

SIR के पहले और बाद की स्थिति

SIR की अंतिम लिस्ट के बाद अब विधानसभाओं में मतदाताओं की नई संख्या इस प्रकार है:-

  • शेरगढ़: 2,87,032 से घटकर अब 2,78,704
  • ओसियां: 2,75,986 से घटकर अब 2,68,474
  • भोपालगढ़: 3,13,506 से घटकर अब 3,01,728
  • सरदारपुरा: 2,69,574 से घटकर अब 2,18,503
  • जोधपुर शहर: 2,04,322 से घटकर अब 1,64,863
  • सूरसागर: 3,02,467 से घटकर अब 2,58,913
  • लूणी: 3,51,458 से घटकर अब 3,21,592
  • बिलाड़ा: 2,97,007 से घटकर अब 2,85,194

लूणी में सबसे ज्यादा भीड़, जोधपुर शहर 'छोटा' पड़ा

मतदाता सूची के अनुसार, जोधपुर जिले में लूणी विधानसभा सीट पर सबसे अधिक पुरुष (1,69,197) और महिला (1,52,394) मतदाता हैं. इसके ठीक उलट, जोधपुर शहर विधानसभा सीट पर जिले के सबसे कम पुरुष (83,664) और महिला (81,193) मतदाता दर्ज किए गए हैं. निर्वाचन विभाग की इस सफाई के बाद अब आने वाले चुनावों के समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं.

अपील का मिलेगा मौका

जिला कलेक्टर ने बताया कि जिन्हें इस फाइनल मतदाता सूची को लेकर कोई आपत्ति है वे 15 दिन के अंदर जिला कलेक्टर कार्यालय में अपील कर सकते हैं. जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान को 30 दिन के भीतर द्वितीय अपील कर सकते हैं.

जोधपुर वोटर लिस्ट में अपना नाम कैसे देखें 2026

अगर आप जोधपुर के निवासी हैं, तो घर बैठे नीचे दिए गए तरीकों से चेक कर सकते हैं कि आप 2026 में वोट डाल पाएंगे या नहीं:-

तरीका 1: मोबाइल नंबर से (सबसे आसान)
  1. सबसे पहले चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट electoralsearch.eci.gov.in पर जाएं.
  2. यहां 'मोबाइल द्वारा खोजें' (Search by Mobile) विकल्प को चुनें.
  3. अपना राज्य (Rajasthan) और भाषा चुनें.
  4. अपना मोबाइल नंबर डालें और 'Send OTP' पर क्लिक करें.
  5. OTP डालने के बाद स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी (नाम, भाग संख्या, बूथ) आ जाएगी.
तरीका 2: EPIC नंबर (Voter ID Card No.) से
  1. उसी पोर्टल पर 'ईपीआईसी द्वारा खोजें' (Search by EPIC) पर क्लिक करें.
  2. अपने वोटर आईडी कार्ड पर लिखा EPIC नंबर (जैसे: RJ/12/...) दर्ज करें.
  3. राज्य चुनें और कैप्चा कोड भरकर 'Search' करें.
  4. अगर आपका नाम लिस्ट में है, तो आपकी सारी डिटेल नीचे 'View Details' में दिखेगी.
तरीका 3: नाम और व्यक्तिगत विवरण से
  1. यदि आपके पास EPIC नंबर नहीं है, तो 'विवरण द्वारा खोजें' (Search by Details) चुनें.
  2. अपना नाम, पिता/पति का नाम, उम्र और जिला (Jodhpur) भरें.
  3. अपनी विधानसभा (जैसे: सरदारपुरा, लूणी या सूरसागर) चुनें.
  4. सर्च बटन दबाते ही आपके नाम से जुड़ी जानकारी सामने आ जाएगी.
तरीका 4: ऑफलाइन (BLO से संपर्क)

अगर आप इंटरनेट पर सहज नहीं हैं, तो अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO - Booth Level Officer) से मिल सकते हैं. जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल द्वारा जारी अंतिम सूची की एक कॉपी हर बूथ पर उपलब्ध होती है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान SIR के बाद हटाए गए 44.27 लाख नाम, वहीं 12.91 लाख नए नाम जुड़े, फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित

LIVE TV देखें 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close