Rajasthan News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) में सफर के दौरान अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की अचानक मौत हो गई. शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया है. इस घटना से परिवार और सहयात्रियों में शोक का माहौल है.
अलग-अलग कोच में कर रहे थे यात्रा
जानकारी के अनुसार निंबाहेड़ा के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा चौहान बुधवार को सोजत से निंबाहेड़ा के लिए ट्रेन से सफर कर रहे थे. दोनों का रिजर्वेशन अलग-अलग कोच में था इसलिए वे अलग-अलग डिब्बों में बैठे थे. ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने वाली ही थी तभी अचानक यह दुखद घटना घट गई.
वॉशरूम जाने की बात कहकर किया था फोन
निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं. इसके बाद ट्रेन जैसे ही निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची जज राजकुमार चौहान नीचे उतर गए और पत्नी का इंतजार करने लगे. लेकिन काफी देर तक उषा चौहान कोच से बाहर नहीं आईं जिससे उन्हें चिंता होने लगी.
मोबाइल लोकेशन से ट्रेन में होने का पता चला
घबराए जज ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी. मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई तो पता चला कि उषा चौहान की लोकेशन अभी भी ट्रेन में ही है. इसके बाद ट्रेन को आगे मंदसौर में भी रुकवाने की कोशिश की गई लेकिन वहां वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल सका.
जावरा में तोड़ा गया वॉशरूम का दरवाजा
आखिरकार रतलाम जिले के जावरा स्टेशन पर ट्रेन को रुकवाकर कोच की तलाशी ली गई. एक वॉशरूम अंदर से बंद मिला जिससे पुलिस को शक हुआ. जीआरपीएफ ने कटर और अन्य औजारों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंदर उषा चौहान बेसुध हालत में पड़ी मिलीं.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में डॉक्टरों का मानना है कि उन्हें अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आया जिससे उन्हें संभलने या मदद मांगने का मौका नहीं मिला. बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव को अपने साथ जोधपुर ले गए.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: बस को सामने देख हड़बड़ाहट में टेंपो ड्राइवर ने खोया नियंत्रण, सवारियों के साथ पलटा, मची अफरा-तफरी