विज्ञापन

कान्हा रेस्टोरेंट पर IT रेड के बीच कचौरी-समोसे की बिक्री जारी, 100 Cr की टैक्स चोरी का शक; 5-स्टार होटलों तक छापे

100 करोड़ की टैक्स चोरी के शक में जयपुर से मुंबई तक 33 ठिकानों पर IT रेड से हड़कंप मचा है, लेकिन इस बीच एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. शोर-शराबे और जांच के बीच कान्हा रेस्टोरेंट में 'सेल्स' का काम नहीं रुका और ग्राहकों को बिना किसी परेशानी के सेवाएं दी गईं.

कान्हा रेस्टोरेंट पर IT रेड के बीच कचौरी-समोसे की बिक्री जारी, 100 Cr की टैक्स चोरी का शक; 5-स्टार होटलों तक छापे
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान के प्रसिद्ध 'कान्हा रेस्टोरेंट' (Kanha Group) पर आयकर विभाग की रेड (Income Tax Raid) गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी है. विभाग की अन्वेषण शाखा (Investigation Wing) ने इस छापेमारी में अब तक के सबसे बड़े टैक्स चोरी के नेटवर्क का खुलासा करने की तैयारी कर ली है. सूत्र बता रहे हैं कि कान्हा ग्रुप के मालिक नटवरलाल के ठिकानों से मिले दस्तावेजों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का कच्चा चिट्ठा सामने आ सकता है.

टैक्स चोरी के पैसों से खड़े किए 5-स्टार होटल?

आईटी टीम की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि टैक्स चोरी के पैसों को आलीशान होटलों में निवेश किया गया था. इसी कड़ी में आयकर विभाग की टीमों ने दो आलीशान 5-स्टार होटलों पर भी धावा बोला है. होटल ताज (आमेर) में जहां सुबह से ही दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं कुंदन वन (कूकस) जैसी लग्जरी प्रॉपर्टी पर भी आयकर अधिकारियों का कड़ा पहरा है. अब जांच का दायरा केवल रेस्टोरेंट तक सीमित न रहकर भारी-भरकम रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट की ओर बढ़ गया है.

IT Raid Rajasthan

Photo Credit: NDTV Reporter

6 शहर, 33 ठिकाने और मुंबई कनेक्शन

आयकर विभाग की यह कार्रवाई राजस्थान के 6 शहरों और मुंबई तक फैली हुई है, जो बुधवार सुबह 7 बजे एक साथ शुरू हुई. विभाग ने गोपनीयता बनाए रखने के लिए कुल 33 ठिकानों पर दबिश दी थी. इस मेगा ऑपरेशन के तहत जयपुर में सबसे अधिक 26 ठिकानों पर कार्रवाई जारी है, जबकि उदयपुर में 2 ठिकानों पर टीम मौजूद है. अन्य शहरों की बात करें तो श्रीगंगानगर, कोटा, करौली और हिंडौन में भी एक-एक ठिकाने पर रेड की गई है. इस कार्रवाई का कनेक्शन मुंबई तक भी पहुंचा है, जहाँ एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर आयकर विभाग की टीम ने डेरा डाल रखा है.

रेड के बीच 'सेल्स' जारी, ग्राहकों को नहीं हुई परेशानी

इस छापेमारी की एक खास बात यह रही कि कान्हा रेस्टोरेंट में रेड के दौरान भी बिक्री का काम बंद नहीं किया गया. आयकर टीम ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि आम ग्राहकों को परेशानी न हो. रेस्टोरेंट में सेल्स का काम सामान्य रूप से चलता रहा, जबकि अंदरूनी कमरों और ऑफिसों में आईटी टीम दस्तावेजों, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और बैंक खातों की गहनता से पड़ताल करती रही.

काफी समय से रडार पर था 'कान्हा ग्रुप'

आयकर विभाग को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि ग्रुप द्वारा बड़े पैमाने पर वित्तीय हेराफेरी की जा रही है. काफी दिनों की रेकी और पड़ताल के बाद बुधवार को विभाग के सैकड़ों कर्मचारी और सुरक्षा बल एक साथ एक्टिव हुए. अधिकारियों ने बड़ी संख्या में डिजिटल सबूत और हार्ड कैश के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं.

ये भी पढ़ें:- उदयपुर में विजय-रश्मिका की शादी का 'सीक्रेट' वेन्यू तय, अरावली के पहाड़ों के बीच होगा ग्रैंड सेलिब्रेशन

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close