विज्ञापन

राजस्थान में 4 साल के बच्चे को कुत्ते ने अपने जबड़े में दबाकर 100 मीटर तक घसीटा, अलवर रेफर

Rajasthan Dog Attack: खैरथल-तिजारा के माचा गांव में घर के बाहर खेल रहे 4 साल के मासूम पर कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर हालत में बच्चे को अलवर रेफर किया गया है. गांव में कुत्ते की मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत हैं.

राजस्थान में 4 साल के बच्चे को कुत्ते ने अपने जबड़े में दबाकर 100 मीटर तक घसीटा, अलवर रेफर
खैरथल-तिजारा: माचा गांव में 4 साल के मासूम पर कुत्ते का हमला, 100 मीटर तक घसीटा; गांव में दहशत, प्रशासन अलर्ट
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के माचा गांव में आवारा कुत्तों का आतंक मासूम बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. गुरुवार शाम करीब 6 बजे घर के बाहर खड़े एक 4 वर्षीय बालक असवाल पर एक हिंसक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. हमला इतना आक्रामक था कि कुत्ता बच्चे को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया.

सिर और हाथों पर गहरे घाव

परिजनों ने बताया कि जब तक मां और आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, तब तक कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह नोच लिया था. कुत्ते ने मासूम की दोनों आंखों के ऊपर सिर पर गहरा घाव किया है. इसके अलावा हाथ की उंगलियों और बाजू पर भी गंभीर चोटें आई हैं. 

प्राथमिक इलाज के बाद अलवर रेफर

घायल बच्चे को प्राथमिक इलाज के लिए किशनगढ़ बास ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में बच्चे के सिर और हाथों पर कई टांके लगाए गए हैं.

'गांव में अभी भी खुलेआम घूम रहा है कुत्ता'

घायल बच्चे के चाचा मुबारिक ने बताया कि यह घटना महज 30 सेकंड के भीतर हुई. सबसे चिंताजनक बात यह है कि हमलावर कुत्ता अभी तक पकड़ा नहीं गया है और गांव की गलियों में खुलेआम घूम रहा है. इससे ग्रामीणों, विशेषकर अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी डर का माहौल है.

ग्रामीणों की स्थानीय प्रशासन से अपील

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए तुरंत अभियान चलाया जाए. फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग ने घायल मासूम को एंटी-रेबीज वैक्सीन और उचित उपचार देना शुरू कर दिया है, लेकिन सुरक्षा का सवाल अभी भी बना हुआ है.

ये भी पढ़ें:- बीकानेर खेजड़ी आंदोलन: सरकार के लिखित आश्वासन के बाद अनशन खत्म, जोधपुर-बीकानेर में कटाई पर पूर्ण रोक

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close