धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में आस्था भक्ति और अध्यात्म का एक नया इतिहास रचने जा रहा है. हनुमानपुरा रोड पर निर्मित नंद धाम परिसर में 50 करोड़ की लागत से 252 फीट ऊंची अष्टधातु से निर्मित लड्डू गोपालजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. यह प्रतिमा न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी खाटूश्यामजी को एक नई वैश्विक पहचान दिलाएगी.
5 फरवरी से चल रहा अनुष्ठान
लड्डू गोपालजी की प्रतिमा स्थापना को लेकर धार्मिक आयोजन जारी है. 5 फरवरी 2026 से 7 दिवसीय अनुष्ठान हो रहा है. कार्यक्रम के अंतर्गत रोज सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक विभिन्न वैदिक एवं धार्मिक पाठ हो रहे हैं. इन आयोजनों में गोपाल सहस्त्रनाम, श्रीमद्भागवत मूल पाठ, वास्तु शास्त्र, भूमि स्तोत्र, दुर्गा सप्तशती एवं विष्णु सहस्त्रनाम पाठ होता है.
आज 21 कुंडीय महायज्ञ होगा
धार्मिक आयोजनों की कड़ी में 10 फरवरी को नंद धाम परिसर में एकदिवसीय 21 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया. आज 11 फरवरी को मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें प्रातः 9:15 से 10:15 बजे के शुभ मुहूर्त में लड्डू गोपालजी की प्रतिमा का विधिवत नींव पूजन संपन्न किया जाएगा.
संत-महात्माओं का समागम
इसी दिन संत-महात्माओं की उपस्थिति में भव्य संत समागम भी आयोजित होगा, जिसमें देश भर से पधारे सैकड़ों संत महात्माओं के साथ हजारों श्रद्धालुओं की गरिमा में उपस्थित रहेगी. आयोजकों के अनुसार, नंद धाम और लड्डू गोपाल जी की यह विशाल प्रतिमा भविष्य में खाटूश्यामजी को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक एवं पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट स्थान दिलाएगी.