विज्ञापन

'बीजेपी के ताबूत में आखिरी कील किरोड़ी लाल मीणा ही ठोकेंगे' असेंबली में बोले कांग्रेस नेता रामकेश मीणा 

विधानसभा में अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान बोलने के लिए रामकेश मीणा को 15 मिनट का वक्त मिला था. रामकेश मीणा ने किरोड़ी लाल मीणा को किसान का बेटा, पूर्वी राजस्थान का बड़ा नेता बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुर्सी तो उन्हें मिलनी चाहिए थी

'बीजेपी के ताबूत में आखिरी कील किरोड़ी लाल मीणा ही ठोकेंगे' असेंबली में बोले कांग्रेस नेता रामकेश मीणा 
विधानसभा में कांग्रेस उपनेता रामकेश मीणा

Rajasthan News: विधानसभा में कृषि और सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बीच कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा लगातार छाए हुए हैं. प्रतिपक्ष की तरफ से बोलते हुए उप नेता रामकेश मीणा ने कहा की सरकार और बीजेपी सिर्फ किरोड़ी लाल मीणा का इस्तेमाल कर रही है. रामकेश मीणा ने कहा कि पूर्वी राजस्थान में लोगों को बीजेपी का नाम किसी ने लेना सिखाया, तो उसका नाम किरोड़ी लाल मीणा है. अगर बीजेपी पर कोई संकट आया, तो उसको दूर करने वाले का नाम किरोड़ी लाल है.

रामकेश मीणा यही नहीं रुके, उन्होंने यह भी कह दिया कि, अगर बीजेपी के ताबूत में कोई आखिरी कील ठोकेगा, तो वह भी किरोड़ी लाल मीणा ही ठोकेगा.

''किरोड़ी लाल मीणा किसान का बेटा''

विधानसभा में अनुदान की मांगों पर चर्चा के दौरान बोलने के लिए रामकेश मीणा को 15 मिनट का वक्त मिला था. रामकेश मीणा ने किरोड़ी लाल मीणा को किसान का बेटा, पूर्वी राजस्थान का बड़ा नेता बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कुर्सी तो उन्हें मिलनी चाहिए थी, लेकिन बीजेपी ने ऐसा नहीं किया. उन्होंने कृषि मंत्री को और ज्यादा अधिकार देने की पैरवी भी की. रामकेश ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा को कृषि विभाग दिया गया, लेकिन वह भी अधूरा और ग्रामीण विकास विभाग दिया तो उसे भी आधा कर दिया.

इस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि किसी मंत्री और उसके विभागों के अधिकार का मुद्दा अनुदान की मांगों में कहां से आ गया?

''किरोड़ी के लिए छोड़ दूंगा अपनी सीट''

उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा जब किरोड़ी लाल मीणा के लिए बोल रहे थे, तो सत्ता पक्ष की तरफ से टिप्पणी आई कि रामकेश मीणा तो किरोड़ी लाल मीणा का नाम इसलिए ले रहे हैं, जिससे वह कहीं दो सीट से लड़ने का मन बनाकर गंगापुर से चुनाव लड़ने ना आ जाए. इस पर रामकेश ने कहा कि अगर किरोड़ी लाल गंगापुर से चुनाव लड़ने आएंगे तो मैं उनके लिए सीट खाली कर दूंगा और मैं कोई दूसरी सीट देख लूंगा.

''डूंगरी बांध पर सरकार किरोड़ी की तरफ ही देख रही है''

रामकेश मीणा ने कहा कि बीजेपी पर जब कभी कोई संकट आया है तो उसे किरोड़ी लाल मीणा ने ही दूर किया है. उन्होंने कहा कि अब डूंगरी बांध को लेकर भी सरकार किरोड़ी लाल मीणा की तरफ ही देख रही है. रामकेश ने कहा कि अगर बीजेपी के और किसी नेता में दम है, तो वह डूंगरी बांध मामले का समाधान करके बता देना.  

उन्होंने बीजेपी के नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि आप लोगों में से कोई कभी जेल गया है क्या? रामकेश ने कहा कि यहां पर किरोड़ी लाल मीणा ही है, जो आंदोलन में जेल गए हैं. उनके ऊपर 200 से ज्यादा मुकदमे है और उन्होंने कई आंदोलन किए हैं.

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close