Kishangarh Fire News Today: किशनगढ़ के प्लास्टिक वेस्टेज गोदाम में लगी भीषण आग, अजमेर से बुलाई गईं दमकलें; धुएं के गुबार से ढका आसमान!

Rajasthan Fire News Today: अजमेर के किशनगढ़ स्थित सिलोरा रीको इंडस्ट्रीज एरिया में प्लास्टिक वेस्टेज के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई है. आग की लपटें इतनी तेज हैं कि दूर से ही धुएं का गुबार नजर आ रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
किशनगढ़ के सिलोरा में प्लास्टिक गोदाम बना 'आग का गोला'.
NDTV Reporter

Rajasthan News: किशनगढ़ के सिलोरा में स्थित एक प्लास्टिक वेस्टेज के गोदाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूती नजर आने लगीं. दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के उद्योगों में काम कर रहे श्रमिकों और क्षेत्रवासियों में दहशत फैल गई. 

चश्मदीदों ने बताया कि गोदाम से पहले हल्का धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. प्लास्टिक वेस्टेज सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई.

Advertisement

7 दमकल गाड़ियां, डेढ़ घंटे में बुझी आग

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया. किशनगढ़, अजमेर और दूदू से कुल 7 दमकल वाहन मौके पर पहुंचाए गए. आग की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को काबू में करने का प्रयास किया. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका.

बड़ा हादसा टला, ऑइल फैक्ट्री थी पास

नगर परिषद के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामप्रसाद चौधरी के नेतृत्व में पूरे ऑपरेशन की निगरानी की गई. उन्होंने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास ही स्थित एक ऑइल फैक्ट्री तक आग फैल सकती थी, जिससे बड़ा औद्योगिक हादसा हो सकता था. शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास का क्षेत्र खाली करवाया और सुरक्षा घेरा बनाकर आमजन को दूर रखा, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो.

कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि प्लास्टिक वेस्टेज जलकर राख हो गया, जिससे बड़े आर्थिक नुकसान से बचाव हो गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- विधानसभा में यूरिया-खाद की किल्लत पर सवाल, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा बोले- 'मैं स्वीकार करता हूं कि...'

Advertisement

LIVE TV देखें