विज्ञापन

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास, शुरू हुआ क्रेडिट पर सियासी घमासान

कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का सपना अब जमीन पर उतरने जा रहा है.  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे.

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास, शुरू हुआ क्रेडिट पर सियासी घमासान
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

Greenfield Airport: राजस्थान के कोटा में बनने जा रहे ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास कल होने जा रहा है. लेकिन शिलान्यास से पहले ही इस प्रोजेक्ट के क्रेडिट को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि कोटा एयरपोर्ट की असली नींव कांग्रेस सरकार ने रखी थी. गहलोत ने जमीन आवंटन से लेकर बजट मंजूरी तक के फैसलों का हवाला देते हुए भाजपा सरकार और केंद्र पर देरी का आरोप लगाया है. वहीं भाजपा इस परियोजना को डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि बता रही है.

एयरपोर्ट में 3200 मीटर लंबा रनवे

हाड़ौती क्षेत्र के लंबे इंतजार के बाद कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का सपना अब जमीन पर उतरने जा रहा है.  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे. करीब 1507 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस एयरपोर्ट में 3200 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा. शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी मौजूद रहेंगे.

परियोजना के क्रेडिट को लेकर सियासी बहस

शिलान्यास से ठीक पहले इस परियोजना के क्रेडिट को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कोटा एयरपोर्ट की पहल उनकी कांग्रेस सरकार के समय हुई थी. गहलोत ने लिखा कि राहुल गांधी ने कोटा की जनता से एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था और उनकी सरकार ने इस वादे को हकीकत में बदलने के लिए जरूरी कदम उठाए थे.

अशोक गहलोत ने लिखा है कि कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास होने जा रहा है, जिसकी पहल हमारी कांग्रेस सरकार ने की थी. राहुल गांधी ने कोटा में एक जनसभा के दौरान वहां की जनता से एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था, उसे हकीकत बनाने के लिए हमारी कांग्रेस सरकार ने 1250 एकड़ जमीन कोटा में एयरपोर्ट के लिए 2021 में निशुल्क आवंटित की. 2022 में यहां से बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ₹120 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया. केन्द्र सरकार की लेट लतीफी के कारण यह प्रोजेक्ट करीब 4 साल तक अटका रहा. अब आशा है कि शिलान्यास के बाद इसका काम तेजी से पूरा होगा‌ एवं निर्माण कार्य भी गुणवत्तापूर्ण होगा.

कांग्रेस सरकार ने चंबल रिवरफ्रंट जैसा विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट देकर कोटा को टूरिज्म का हब बनाने का प्रयास किया जिससे पर्यटकों की आवक कोटा में बढ़े. हालांकि भाजपा सरकार की उपेक्षा के कारण रिवर फ्रंट में न रेस्टोरेंट खुल पाए हैं और न ही दूसरी सुविधाओं का विकास हुआ है. भाजपा सरकार को रिवर फ्रंट का और विकास करना चाहिए एवं इसका अच्छे से रखरखाव करना चाहिए जिससे हाड़ौती में पर्यटन बढ़ सके एवं एयरपोर्ट का बनना भी सार्थक हो सके.

कोटा में बनने जा रहा यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. लेकिन शिलान्यास से पहले ही यह प्रोजेक्ट राजनीतिक श्रेय की बहस में घिर गया है. अब देखना होगा कि एयरपोर्ट का निर्माण कितनी तेजी से होता है और यह क्षेत्र के विकास की नई उड़ान कब बनता है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में गर्मी छुट्टी को लेकर आया बड़ा अपडेट, बदलाव के साथ तारीखों की हुई घोषणा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close