विज्ञापन

Jaisalmer Gas Shortage: मंत्रियों के काफिले की तरह चलेंगे गैस सिलेंडर के ट्रक? पूर्व मंत्री के बयान से राजस्थान में मची खलबली

LPG Crisis India 2026: राजस्थान के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने व्यंग्य करते हुए कहा, 'अब मंत्रियों की तरह सिलेंडर को भी एस्कॉर्ट और ग्रीन कॉरिडोर देना होगा. मैंने सुना है सरकार इसकी तैयारी कर रही है.'

Jaisalmer Gas Shortage: मंत्रियों के काफिले की तरह चलेंगे गैस सिलेंडर के ट्रक? पूर्व मंत्री के बयान से राजस्थान में मची खलबली
जैसलमेर: "अब मंत्रियों की तरह सिलेंडर को भी मिलेगा एस्कॉर्ट," गैस संकट पर सालेह मोहम्मद का 'चूल्हे वाली कॉफी' के साथ अनूठा विरोध
NDTV Reporter

Jaisalmer News: रसोई गैस के बढ़ते दामों और कमर्शियल सिलेंडरों की भारी किल्लत के खिलाफ शुक्रवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हनुमान सर्किल पर चूल्हे पर कॉफी बनाकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया.

पूर्व मंत्री भी हुआ शामिल

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले जिला कांग्रेस कार्यालय से हनुमान सर्किल तक विशाल रैली निकाली. इसके बाद गांधी दर्शन के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया. इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद और पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए.

सरकार पर 'एस्कॉर्ट' वाला कटाक्ष

मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा- 'मैंने तो सुना है कि सरकार ने ऐसे आदेश जारी किए हैं कि अब मंत्रियों की तरह ही सिलेंडर ढोने वाले वाहनों को भी एस्कॉर्ट देना पड़ेगा या फिर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सप्लाई करनी होगी.' उन्होंने इसके पीछे का तर्क देते हुए कहा कि कई जगहों पर सिलेंडर वाहनों से लूट की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे हालात बिगड़ रहे हैं.

लंबी लाइनों में लगकर मिल रहे सिलेंडर

सालेह मोहम्मद ने चिंता जताते हुए कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई लगभग बंद होने से जैसलमेर का पर्यटन व्यवसाय ठप होने की कगार पर है. वहीं, पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को भी सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है.

सिलेंडर बुकिंग में आ रही OTP की समस्या

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने NDTV से बातचीत में आरोप लगाया कि घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है. होटल, ढाबा और पर्यटन से जुड़े काम पूरी तरह प्रभावित हैं. गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगी हैं. ऑन कॉल बुकिंग करने के बावजूद उपभोक्ताओं को ओटीपी (OTP) नहीं मिल पा रहा है, जिससे जनता परेशान है.

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द सुचारू की जाए, अन्यथा आने वाले समय में हालात और भी बदतर हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें:- 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close