Rajasthan Congress Protest: देशभर में लोग LPG सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों से परेशान हैं. ईरान- इजरायल युद्ध के चलते हो रही गैस किल्लतों के कारण गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लगी हुई हैं. ऐसे में राजस्थान में कांग्रेस की तरफ से इसके विरोध में प्रदर्शन किया गया. शुक्रवार (आज) को कांग्रेस ने पूरे राज्य में सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया. इसी सिलसिले में जयपुर के चांदपोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया. जिसमें कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला जलाया. साथ ही सिलेंडर की शवयात्रा भी निकाली गई.
गैस के बड़े हुए दामों को सरकार को लेना होगा वापस
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार इस स्थित से निपटने में पूरी तरह से फेल हो गई है. लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं. बुकिंग नंबर लगातार बिजी रहता है. इसी कारण एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं. आम आदमी के घरों और किचन की हालत चिंताजनक बने हुए है. सरकार को बढ़ी हुई गैस की कीमतें वापस लेनी होंगी. नहीं तो कांग्रेस कार्यकर्ता इसी तरह और भी तेजी से विरोध करेंगे.

प्रोटेस्ट करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता
Photo Credit: NDTV
सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी
वहीं, प्रदर्शन में विधायक अमीन कागजी भी शामिल हुए. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है.उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नेता फोन करके सिलेंडर ले रहे हैं. आम जनता त्रस्त हो रही है. सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.
कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है- मदन राठौड़
वहीं, दूसरी ओर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि राज्य में सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है.