विज्ञापन
This Article is From Dec 07, 2024

Rajasthan Politics: पीटीआई भर्ती पर मदन दिलावर का बड़ा बयान, बोले- 'जिनकी नौकरी लगी है उन्हें जल्द निकाला जाएगा'

पीटीआई परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले 54 अभ्यर्थियों को अपात्र घोषित किया गया है. RSSB के अध्यक्ष आलोक राज ने 5 दिसंबर को एक्स पर यह जानकारी साझा की थी. बाकी बचे 244 केसेज की अभिशंसा बोर्ड पहले ही कर चुका है. इनमें से ज्यादातर नौकरी ज्वाइन कर चुके हैं, जिन्हें अयोग्य माना गया है. इनके नाम की लिस्ट अग्रिम कार्यवाही के लिए शिक्षा विभाग में भेज दी गई है.

Rajasthan Politics: पीटीआई भर्ती पर मदन दिलावर का बड़ा बयान, बोले- 'जिनकी नौकरी लगी है उन्हें जल्द निकाला जाएगा'
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर.
Twitter

Rajasthan News: राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने शुक्रवार को सवाई माधोपुर में जनसुनवाई करते हुए शारीरिक शिक्षक भर्ती (Physical Teacher Recruitment) पर बड़ा बयान दिया. ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर की मौजूदगी में उन्होंने कहा, 'प्रदेश में शारीरिक शिक्षक भर्ती में जितने भी लोगों ने गलत तरीके से तथ्य पेश कर नौकरी हासिल की है, उन्हें जल्द ही नौकरी से निकाला जाएगा. साथ ही जिनकी नौकरी अभी नहीं लगी है, उन्हें जेल भेजा जाएगा.'

क्या है पीटीआई भर्ती फर्जीवाड़ा?

वर्ष 2022 में राजस्थान में पीटीआई के 5546 पदों पर भर्ती निकली थी. इस भर्ती में 12वीं तक की पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक शिक्षा में प्रमाण पत्र अथवा डिप्लोमा की मांग गई थी. इस भर्ती परीक्षा में 321 अभ्यर्थियों के दस्तावेज मिसमैच हुए थे. बोर्ड ने इन अभ्यर्थियों को नोटिस जारी किया था, जिसमें अक्टूबर में सभी संबंधित अभ्यर्थियों से जवाब मांगा गया था. लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अब कार्रवाई हो रही है. उल्लेखनीय हो कि पीटीआई की भर्ती में कई जगहों से बड़े पैमाने पर धांधली की बात सामने आई थी. कई ऐसे लोगों ने भी नौकरी हासिल कर ली थी, जिन्होंने 8वीं तक की पढ़ाई की है. 

बांग्लादेश मुद्दे पर दी प्रतिक्रिया

इस मौके पर दिलावर ने जनता को गौ माता के सार्वभौमिक महत्व और गौ-संरक्षण के बारे में समझाया. साथ ही गौ-आधारित प्राकृतिक कृषि के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया. मंत्री दिलावर ने सभी को प्लास्टिक बैग का यूज न करने की शपथ दिलवाई. इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. भाजपा मंत्री ने कहा, 'केंद्र सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि हमारे किसी भी हिन्दू भाई की जान नहीं जाए और किसी को नुकसान नहीं हो. इसके लिए प्रयास जारी हैं.'

एडीपीसी को लगाई फटकार

मंत्री दिलावर ने जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर नानतोड़ी विद्यालय में बंद भवन निर्माण कार्य की शिकायत पर एडीपीसी दिनेश गुप्ता को कड़ी फटकार लगाई और एक महीने में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए. साथ ही जिले में खाली पड़े व्याख्यातों के पदों को जल्दी भरने के लिए कहा.

किसानों को जल्द मिलेगी निर्बाध बिजली

इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने ग्रामीणों की शिकायत पर मित्रपुरा पावर ग्रिड को भाड़ौती कम समय के लिए जोड़ने और सही समय और पूरी आपूर्ति करने के लिए कहा. वहीं फसल निकलने के बाद मित्रपुरा पावर ग्रिड को बौंली से जोड़ने के लिए कहा गया. ऊर्जा मंत्री ने कहा, 'बिजली आपूर्ति पूरी हो इसके लिए हम संसाधन बढ़ा रहे हैं. पिछली सरकार की वजह से हमें थोड़ा समय लग रहा है. किसानों को समय पर पूरी आपूर्ति हो इसके लिए कृषि कनेक्शन के लिए दिन में दो फीडर पर लाइट दे रहे हैं. जहां ओवरलोड हो रहा है वहां एक फीडर में रात के बिजली की सप्लाई दे रहे हैं. हम जल्दी 100 प्रतिशत किसानों को दिन के समय मे बिजली दी जाएगी, इसके लिए प्रयास जारी हैं.'

ये भी पढ़ें:- आज राजस्थान आएंगे अमित शाह, जोधपुर में वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com