विज्ञापन

राजस्थान बजट 2026 पर मदन राठौड़ का बयान, बोले- विकसित और आत्मनिर्भर राज्य की मजबूत नींव

राजस्थान बजट 2026-27 को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे विकसित राजस्थान का रोडमैप बताया है. युवाओं के लिए स्टेट टेस्टिंग एजेंसी, 42 हजार किमी सड़क निर्माण और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसी घोषणाओं को ऐतिहासिक बताया है.

राजस्थान बजट 2026 पर मदन राठौड़ का बयान, बोले- विकसित और आत्मनिर्भर राज्य की मजबूत नींव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बजट को विकसित राजस्थान का रोडमैप बताया है

Rajasthan Budget 2026: राजस्थान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान बजट 2026-27 को दूरदर्शी और जनहितकारी बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने ऐसा बजट पेश किया है जो हर वर्ग की उम्मीदों पर खरा उतरता है.

युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती की पहल

राठौड़ ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं की सौगात मिली है. इसके लिए राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का फैसला किया गया है. इससे परीक्षाओं की प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी. साथ ही कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

42 हजार किलोमीटर सड़क निर्माण

बजट में 42 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण की घोषणा की गई है. जोधपुर, पाली और मारवाड़ औद्योगिक कॉरिडोर के विकास के लिए 600 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी. इससे उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.

स्वरोजगार और महिलाओं को मजबूती

सीएम स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों में महिला बीपीओ खोले जाएंगे. महिला स्वयं सहायता समूहों की ऋण सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की गई है. इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.

कृषि और ऊर्जा पर फोकस

अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाए जाएंगे जिससे किसानों को राहत मिलेगी. कृषि और पशुपालन को मजबूती देने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं.

संतुलित विकास का भरोसा

राठौड़ ने कहा कि सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन बनाया है. यह बजट सबका साथ सबका विकास की भावना को साकार करता है और प्रदेश को विकसित राज्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगा.

यह भी पढ़ें- Rajasthan Budget 2026: बजट घोषणाएं कैसे- कहां से लागू होगीं... राजस्थान बजट पर किसने क्या कहा? पक्ष-विपक्ष की प्रतिक्रिया

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close