अजमेर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव (जीडी) सूरजमल राव का मोबाइल हैक हो गया. साइबर ठगों ने उनके नाम से परिचितों और यूनिवर्सिटी कर्मचारियों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर दी. ठगों ने इमरजेंसी बताते हुए 40 हजार रुपये की मदद मांगी. अगले दिन वापस करने का वादा किया. कर्मचारियों को शक हुआ तो यूनिवर्सिटी के वाट्सएप ग्रुप पर मैसेज शेयर कर दिया.
ठग ने स्क्रीन शॉट मांगा
जानकारी के अनुसार, हैकर ने सूरजमल राव के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों को मैसेज भेजे. मैसेज में लिखा, "कुछ मदद चाहिए, 40 हजार रुपये का अर्जेंट हैं. मेरा यूपीआई नंबर काम नहीं कर रहा है, कल पैसे लौटा दूंगा. एक्सीडेंट का मामला है, परिवार का सदस्य है." इसके साथ ही एक मोबाइल नंबर भी दिया गया, और पैसे भेजने के बाद स्क्रीन शॉट भेजने के लिए कहा गया.
शक होने पर किया अलर्ट
मैसेज मिलने के बाद कुछ परिचितों को शक हुआ तो उन्होंने यूनिवर्सिटी ग्रुप में इसकी जानकारी साझा कर दी. सभी को सतर्क रहने की सलाह दी. इसके बाद मामला सामने आने पर सूरजमल राव को भी इसकी जानकारी मिली.
साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत की
घटना का पता चलते ही सूरजमल राव ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई. फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हैकर ने किस तरीके से मोबाइल या अकाउंट को हैक कर लोगों को ठगने की कोशिश की. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध मैसेज मिलने पर पैसे भेजने से पहले पूरी तरह पुष्टि जरूर करें.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 10-11 मार्च को हीटवेव का अलर्ट, जानें अपने जिले के मौसम का हाल