Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी के पॉश इलाके मानसरोवर में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां करण पथ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार सफेद रंग की सफारी कार ने स्कूटी सवार महिला को इतनी भीषण टक्कर मारी कि देखने वालों की रूह कांप गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरी.
हादसे में महिला की हालत गंभीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान मेवा देवी के रूप में हुई है, जो गोलियावास स्थित धीर सागर कॉलोनी की निवासी हैं. मेवा देवी पूर्व में नर्स के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. वह न्यू सांगानेर रोड पर रजत पथ चौराहा पार कर रही थीं, तभी वीर तेजाजी रोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार सफारी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में मेवा देवी के पैर और जांघ की हड्डी बुरी तरह टूट गई है.
सीसीटीवी में कैद हुई लापरवाही
पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सफारी कार का चालक कितनी लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में चालक के साथ एक महिला भी बैठी थी. हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया.
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल मेवा देवी को संभाला और उन्हें नजदीकी खंडाका अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण अब उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. इस मामले में महिला की बेटी पूजा इंदौरिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है और परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.