किशनगढ़ के मार्बल एरिया मेगा हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया. चलते ट्रेलर से अचानक मार्बल का भारी ब्लॉक सड़क पर गिर गया. हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
ट्रेलर पर मार्बल ब्लॉक लदे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर पर बड़ी संख्या में मार्बल ब्लॉक लादे गए थे. अचानक एक ब्लॉक ट्रेलर से नीचे गिर गया. गनीमत रही कि उस समय बाइक सवार समय रहते संभल गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद चालक ट्रेलर को मौके से लेकर रवाना हो गया.
क्षमता से अधिक लदे थे मार्बल ब्लाॅक
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्बल परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है. कई ट्रेलरों में क्षमता से अधिक मार्बल ब्लॉक लादकर बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के परिवहन किया जाता है. इसके चलते वाहनों से ब्लॉक गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है. इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं.
लोगों ने उठाए सवाल
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इससे पहले भी मेगा हाईवे पर इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया है. लोगों ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हादसों के बावजूद विभाग की चुप्पी हैरान करने वाली है.
यह भी पढ़ें: बांध बरेठा का जलस्तर 26 फीट पार, कभी भी खुल सकते हैं गेट; निचले इलाके में रहने वालों को किया सतर्क