Jhalawar News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के भीमसागर बांध से एक डराने वाली खबर सामने आई. यहां के पंप हाउस में पानी की सप्लाई शुरू करने के दौरान अचानक एक जोरदार ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में वहां ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
पानी चालू करते ही हुआ जोरदार धमाका
चश्मदीदों के मुताबिक, भीमसागर बांध के पंप हाउस में रोजाना की तरह शुक्रवार को भी पानी की सप्लाई शुरू करने की तैयारी चल रही थी. जैसे ही कर्मचारियों ने पंप को स्टार्ट किया, वैसे ही एक जोरदार आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया. धमाका इतना तेज था कि पंप हाउस के अंदर और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

इस हादसे में पंप हाउस में काम करने वाले एक कर्मचारी घायल हो गए.
Photo Credit: NDTV Reporter
हादसे की चपेट में आया ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी
इस अचानक हुए विस्फोट की सीधे तौर पर चपेट में आने से वहां कार्यरत कर्मचारी रामभरोसे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई. उन्होंने बिना वक्त गंवाए घायल रामभरोसे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की स्पेशल टीम की देखरेख में फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
ब्लास्ट की वजह क्या है? जांच में जुटा प्रशासन
भीमसागर पंप हाउस में हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच और इनपुट के आधार पर इस धमाके की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है. हालांकि, अधिकारी अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं. प्रशासन का कहना है कि पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ब्लास्ट के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल विभागीय टीम पूरे मामले की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रही है.
ये भी पढ़ें:- इंजीनियर मंगेतर कर रहा था दहेज की मांग और फोन पर अश्लील बात, परेशान युवती ने तेजाब पीकर दे दी जान