विज्ञापन
This Article is From Mar 24, 2026

Rajasthan Fire News: कोटपूतली-बहरोड़ में आग का गोला बना रीको घिलोठ, 10 करोड़ की संपत्ति खाक; घंटों की मशक्कत के बाद काबू

Kotputli-Behror Fire News: कोटपूतली-बहरोड़ के रीको घिलोठ में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई. इस दौरान करीब 50 हजार स्क्वेयर फीट में फैला गोदाम जलकर खाक हो गया. इस अग्निकांड में 10 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है.

Rajasthan Fire News: कोटपूतली-बहरोड़ में आग का गोला बना रीको घिलोठ, 10 करोड़ की संपत्ति खाक; घंटों की मशक्कत के बाद काबू
रीको घिलोठ की कंपनी में भीषण आग, 50 हजार Sq Ft का गोदाम स्वाहा.
NDTV Reporter

Kotputli-Behror News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रीको घिलोठ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक ट्रांस कंपनी के विशाल गोदाम में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी भयानक थी कि उसने करीब 50 हजार स्क्वेयर फीट में फैले पूरे गोदाम को अपनी आगोश में ले लिया.

5 करोड़ का माल जला, कुल 10 करोड़ का नुकसान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में कंपनी को भारी आर्थिक चोट पहुंची है. गोदाम में रखा लगभग 5 करोड़ रुपये का कीमती माल जलकर पूरी तरह राख हो गया है. बताया जा रहा है कि यहां मुख्य रूप से वाहनों से संबंधित पार्ट्स का निर्माण और भंडारण किया जाता था. बिल्डिंग और मशीनरी को मिलाकर कुल नुकसान का अनुमान 10 करोड़ रुपये के करीब लगाया जा रहा है.

धुएं के गुबार से सहमा इलाका, कई थानों की पुलिस तैनात

आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही शाहजहांपुर, मांढन और नीमराणा थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंच गया. जिला प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हुआ और एसडीएम, तहसीलदार, डिप्टी सहित जिले के एसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

घंटों चली मशक्कत के बाद जाकर बुझी आग

आग पर काबू पाने के लिए रीको घिलोठ की फायर ब्रिगेड के साथ-साथ नीमराणा और बहरोड़ से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं. कई घंटों की कड़ी मशक्कत और दमकलकर्मियों के भारी संघर्ष के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका. राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी प्रकार की जनहानि (Casualty) नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है.

SHO बोले- सुबह 4 बजे मिली सूचना

थानाधिकारी पर्किता सिंह ने बताया कि सुबह 4 बजे करीब आग लगने की सूचना मिली थी. इस दौरान मय स्टाफ मौके पर पहुंची. वहां पर फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां भी बुला ली गईं. आग काफी तेज थी. वहां एक और गोदाम था. हालांकि समय रहते तत्परता से काम करने के कारण आग पर काबू पा लिया गया. मौके पर पूरा जिला प्रशासन पहुंच गया था. फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का अनुमान बाद में पता चल पाएगा.

ये भी पढ़ें:- आज दोपहर 1 बजे आएगा राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट, ऐसे करें सबसे पहले अपना परिणाम चेक

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com