Sikar News: राजस्थान के सीकर जिले के प्रभारी और वन मंत्री संजय शर्मा (Sanjay Sharma) एक बार फिर अपने तल्ख तेवरों को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार मंत्री जी के गुस्से का शिकार कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात पुलिस का एक जवान हुआ है. दरअसल, वीआईपी (VIP) ड्यूटी और सरकारी गाड़ियों में ईंधन की फिजूलखर्ची को लेकर मंत्री संजय शर्मा ने ऑन-कैमरा एक कड़ा एक्शन लिया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बंद गाड़ी में चल रहा था AC, बाहर आते ही नजर पड़ गई
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब प्रभारी मंत्री संजय शर्मा बुधवार को सीकर में एक अहम बैठक में शामिल होने पहुंचे थे. जब मंत्री जी अपनी मीटिंग खत्म कर बाहर निकले, तो उनकी नजर वहां खड़ी एक सरकारी गाड़ी पर पड़ी. गाड़ी के शीशे पूरी तरह बंद थे और पुलिस का एक जवान अंदर आराम फरमा रहा था. जब मंत्री पास पहुंचे तो देखा कि गाड़ी स्टार्ट थी और अंदर फुल स्पीड में एसी चल रहा था.
'क्या थोड़ी देर बिना एसी के नहीं बैठ सकते?'
जवान को इस तरह सरकारी तेल फूंकर आराम करता देख वन मंत्री का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने तुरंत गाड़ी का गेट खुलवाया और मौके पर ही जवान की क्लास लगा दी. मंत्री संजय शर्मा ने सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कहा, 'तुम लोग थोड़ी देर भी बिना एसी के नहीं बैठ सकते क्या? एक तरफ पीएम मोदी तेल बचाने की अपील कर रहे हैं, वहीं तुम लोग उल्टा बर्बाद कर रहे हो.'
डायरी में नोट कराया नाम, एक्शन संभव
इसके बाद मंत्री ने डायरी में जवान का नाम लिखवाया और उस पर कार्रवाई की बात कहकर वहां से रवाना हो गए. फिलहाल, मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. लोग मंत्री जी के इस कदम की सराहना कर रहे हैं कि उन्होंने सरकारी पैसे और ईंधन की बर्बादी पर सीधे ऑन-स्पॉट एक्शन लिया.
ये भी पढ़ें:- भैराणा धाम विवाद में आधी रात हुआ समझौता, पर CM पर टिप्पणी कर फंस गए बेनीवाल, BJP बोली- बैन लगा देना चाहिए