श्रीकरणपुर से विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को मंगलवार को नजरबंद कर दिया गया. मंगलवार सुबह से ही विधायक आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. सोमवार रात्रि विधायक रूपेंद्र सिंह कुन्नर ने मंगलवार को अपने आवास पर समर्थन की बैठक बुलाने का आह्वान कर दिया. इसके बाद प्रशासन ने विधायक को उनके 25 बीबी स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया, उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
टोल शुरू कराने पहुंचा प्रशासन
सोमवार को कोर्ट के आदेशों के बाद पुलिस और प्रशासन टोल का संचालन शुरू करवाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पहले से टोल संघर्ष समिति धरने पर बैठा हुआ था, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने टोल संघर्ष समिति के संयोजक सुखबीर सिंह फौजी को हिरासत में ले लिया. इस कार्रवाई के बाद मामला और गरम हो गया.
विधायक को हिरासत में लिया
विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर मौके पर पहुंचे, और उन्होंने भी धरना शुरू कर दिया. दिनभर पुलिस और प्रशासन धरने पर बैठे लोगों को समझाता बुझाता रहा, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. शाम तक गतिरोध जारी रहने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए विधायक को भी हिरासत में ले लिया. बाद में देर रात उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया. मंगलवार सुबह विधायक ने समर्थकों की बैठक बुलाई तो उन्हें नजरबंद कर दिया गया.
टोल में राहत देने की मांग
18 बीबी टोल को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है, और टोल हटाने या राहत देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. लोगों को कहना है कि इस टोल की अवधि 2024 में पूरी हो चुकी है, लिहाजा टोल शुल्क नहीं वसूल सकता.टोल संचालकों का कहना है कि कोरोना और किसान आंदोलन के चलते लंबे समय तक उनका टोल संचालन प्रभावित रहा, ऐसे में उन्हें छूट मिलनी चाहिए.
विधायक ने समर्थकों से किया आह्वान
मंगलवार को विधायक के समर्थन में बड़ी संख्या में समर्थकों के उनके आवास पर जुटने की संभावना है. टोल संघर्ष समिति भी आंदोलन को और तेज करने के संकेत दे रही है. टोल संघर्ष समिति का आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
यह भी पढ़ें: होर्मुज की घेराबंदी से ईरान को हर रोज अरबों का होगा नुकसान, ट्रंप के लिए भी टेंशन कम नहीं