राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है. टिकट वितरण में देरी के चलते अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर सकते हैं. बीजेपी और कांग्रेस समेत दूसरे दलों के प्रत्याशी समर्थकों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के दफ्तर पहुंच रहे हैं. नामांकन के आखिरी दिन दोपहर 3 बजे तक पर्चे भरे जा सकते हैं. उम्मीदवारों से सीधे नामांकन पत्र भरवाया जा रहा है. प्रदेश में अब तक करीब 13 हजार उम्मीदवार 15,430 नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं. माना जा रहा है कि सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन 35 हजार से ज्यादा पर्चे दाखिल हो सकते हैं. टिकट वितरण को लेकर दोनों दलों में अंतिम समय तक मंथन चलता रहा. कई जगह प्रत्याशियों को देर से टिकट मिलने की सूचना पहुंची. ऐसे में आज बड़ी संख्या में उम्मीदवार एक साथ नामांकन दाखिल कर सकते हैं.
केवल तीन दिन नामांकन
राजस्थान में नगर निकाय के चुनाव 2 चरणों में होंगे. पहले चरण की वोटिंग 9 सितंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी. जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी. चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त को जारी हुई थी.
चुनाव में नामांकन के लिए 27 अगस्त से 31 अगस्त तक का समय दिया गया था. हालांकि 28 अगस्त और 30 अगस्त को अवकाश की वजह से उम्मीदवारों को नामांकन के लिए सिर्फ तीन दिन - 27, 29 और 31 अगस्त - मिले हैं.
राजस्थान के 309 निकायों में चुनी जाएंगी स्थानीय सरकार
निकाय चुनाव के जरिए प्रदेश के 309 नगरीय निकायों की नई स्थानीय सरकार चुनी जाएगी. नगरीय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव कराए जाने की तैयारी है. ऐसे में निकाय चुनाव को प्रदेश में स्थानीय स्तर पर बड़े राजनीतिक शक्ति-परीक्षण के तौर पर भी देखा जा रहा है. इस चुनाव में कुल एक करोड़ 44 लाख 3 हजार 853 वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
ये भी पढ़ें-: निकाय चुनाव के बीच ASP को नियम तोड़ SP बनाने का आरोप, बेनीवाल की पार्टी RLP पहुंची हाई कोर्ट