विज्ञापन
This Article is From Apr 29, 2026

राजस्थान: धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में लगी आग, खिड़कियों से कूदने लगे यात्री; बड़ा हादसा टला

धौलपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ट्रेन के कोच से आग की लपटें उठने लगीं. जान बचाने के लिए यात्री ट्रैक पर ही उतरने लगे. जानिए कैसे टाला गया यह रेल हादसा.

राजस्थान: धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में लगी आग, खिड़कियों से कूदने लगे यात्री; बड़ा हादसा टला
पहली तस्वीर में आग लगते हुए और दूसरी तस्वीर में आग को बुझाते हुए देखा जा सकता है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर रेलवे स्टेशन (Dholpur Railway Station) पर बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते रह गया. यहां से गुजर रही ट्रेन संख्या 15549 के एक कोच में अचानक आग लग गई. कोच के पहियों से निकलती आग की लपटों और धुएं को देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और अपनी जान बचाने के लिए लोग चलती ट्रेन की खिड़कियों से नीचे कूदने लगे.

पॉइंट्समैन की सतर्कता ने बचाई सैकड़ों जानें

यह हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब ट्रेन धौलपुर स्टेशन से गुजर रही थी. ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन ने देखा कि ट्रेन के एसी जनरल कोच के ब्रेक पैडल के पास से भयंकर चिंगारियां निकल रही हैं. उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत लाल झंडी दिखाई और ट्रेन को रुकने का संकेत दिया. पॉइंट्समैन की इस मुस्तैदी की वजह से ट्रेन को स्टेशन के आउटर पर ही रुकवा लिया गया.

खिड़कियों से कूदने लगे यात्री

जैसे ही ट्रेन के पहियों के पास आग और धुआं फैला, कोच के अंदर मौजूद सवारियों में हड़कंप मच गया. जनरल कोच में भीड़ होने के कारण लोग घबरा गए और ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही कुछ यात्री खिड़कियों के रास्ते बाहर छलांग लगाने लगे. गनीमत रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई.

रेलवे प्रशासन ने तुरंत की कार्रवाई

सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामवीर मीना इंजीनियरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन में मौजूद फायर एक्सटिंगुइशर की मदद से करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

कैसे लगी आग?

प्रारंभिक जांच में तकनीकी टीम ने पाया कि ब्रेक जाम होने के कारण पहियों में फ्रिक्शन बढ़ गया था. इसी वजह से चिंगारियां उठीं और आग लग गई. मौके पर ही तकनीकी खराबी को दूर किया गया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित आगे के सफर के लिए रवाना किया गया.

ये भी पढ़ें:- आवारा कुत्तों की शिकायत कैसे और कहां करें? राजस्थान में एक साल में दोगुने हुए काटने के मामले

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com