NEET Case CBI Raid: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच अब जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ में दिनेश और मांगीलाल के घर फार्महाउस तक पहुंच गई है. सीबीआई की टीम ने आज करीब चार घंटे तक दिनेश और मांगीलाल के घर और फार्महाउस की तलाशी ली. सीबीआई की दो अलग-अलग टीमें कार्रवाई में जुटी रहीं. एक टीम ने परिवार के सदस्यों माँ और पत्नी के बयान दर्ज किए और मोबाइल फोन सहित दूसरे जरूरी साक्ष्य जुटाकर सीज करने की कार्रवाई की जबकि दूसरी टीम ने घर और फार्महाउस के कमरों की गहन तलाशी ली.
हालांकि सीबीआई की टीम ने मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया. वहीं कल तक दिनेश, मांगीलाल और विकास को बेगुनाह बताने वाले परिजनों ने भी आज कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से मना कर दिया.
बिखरा हुआ था पूरा घर
सीबीआई की कार्रवाई के बाद जब NDTV की टीम घर के अंदर पहुंची तो पूरा मकान अस्त-व्यस्त मिला. दीवान और बैड खोलकर जांचे गए थे. कपड़ों को पूरी तरह खंगाला गया था. अलमारियों का सामान बिखरा हुआ था. घर के अलग-अलग कमरों में तलाशी के निशान साफ दिखाई दे रहे थे.
घर के पास बने लग्जरी फार्महाउस पर भी एनडीटीवी की टीम पहुंची. वहां विलासिता से जुड़ी कई चीजें दिखाई दीं. अंदर जिम की व्यवस्था थी. लग्जरी गाड़ियां खड़ी थीं. खाना बनाने का सामान और शराब की बोतलें भी वहां पड़ी हुई थीं.
कुछ सालों में अचानक आया पैसा
कैमरे के सामने तो अड़ोस पड़ोस के लोगों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. लेकिन ऑफ रिकॉर्ड कई लोगों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इस परिवार के पास अचानक काफी पैसा आया. घर, फार्महाउस और आसपास की जमीन भी परिवार ने खरीदी थी. पड़ोसियों ने यह भी कहा कि परिवार के पांच सदस्य डॉक्टर बन गए जो गांव के लोगों के लिए हैरानी की बात थी. हालांकि किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह परिवार कथित तौर पर इस तरीके से नीट परीक्षा पास कर रहा है.
सीबीआई की कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. बच्चे दीवारों पर बैठकर कार्रवाई देखते रहे, जबकि आसपास की महिलाएं और पुरुष छतों से पूरी कार्रवाई पर नजर बनाए रहे. गांव में अब इस परिवार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं लेकिन कोई भी खुलकर कैमरे पर बोलने को तैयार नहीं है.
यह भी पढ़ेंः NEET पेपर लीक में फंसे दो भाईयों का परिवार CBI के रडार पर, साधारण से बने करोड़पति... विकास के नाम 3 कॉलोनियां