विज्ञापन

राजस्थान में अब बिना 'पर्ची-खर्ची' मिलेगी सरकारी नौकरी! राजेंद्र राठौड़ ने गहलोत के 'पुत्र मोह' पर साधा निशाना

राजेंद्र राठौड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कैसे भजनलाल सरकार में बिना 'खर्ची-पर्ची' के पारदर्शी नौकरियां मिल रही हैं. साथ ही गहलोत के 'पुत्र मोह' और IPD टावर की बढ़ती लागत पर किए बड़े खुलासे.

राजस्थान में अब बिना 'पर्ची-खर्ची' मिलेगी सरकारी नौकरी! राजेंद्र राठौड़ ने गहलोत के 'पुत्र मोह' पर साधा निशाना
राजेंद्र राठौड़
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान की राजनीति में 'भर्ती परीक्षाओं' और 'पारदर्शिता' को लेकर एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा के कद्दावर नेता राजेंद्र राठौड़ (Rajendra Rathore) ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय प्रदेश में नौकरियों और डिग्रियों की जो 'लूट' मची थी, उसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने पूरी तरह खत्म कर दिया है. राठौड़ ने दावा किया कि मौजूदा भाजपा सरकार में बेरोजगार नौजवानों को नौकरियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से मिल रही हैं और अब प्रदेश में ना 'खर्ची' लग रही है और ना ही 'पर्ची'.

'पुत्र मोह' और 'इंतजारशास्त्र' पर कटाक्ष

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेंद्र राठौड़ ने अशोक गहलोत को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपने मंत्रियों और खुद को 'पुत्र मोह' से दूर रखना चाहिए. गहलोत द्वारा हाल ही में जारी किए गए 'इंतजारशास्त्र' पर तंज कसते हुए राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता ने उनके शासनकाल में 32 दिनों तक सरकार का इंतजार किया था. उन्होंने कहा कि गहलोत को 'इंतजारशास्त्र' के बजाय 'हकीकतशास्त्र' की बात करनी चाहिए, क्योंकि उनकी सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का बोलबाला था.

कोविड काल और भ्रष्टाचार के आरोप

राठौड़ ने 2020 की वैश्विक महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन समय में भाजपा विपक्ष में होते हुए भी सरकार के साथ खड़ी रही, लेकिन कांग्रेस ने उस आपदा में भी भ्रष्टाचार के अवसर ढूंढे. उन्होंने रेमडेसिविर इंजेक्शन, वेंटिलेटर खरीद और मास्क जैसी जरूरी वस्तुओं की खरीद में हुए भ्रष्टाचार को प्रामाणिक बताते हुए कांग्रेस को घेरा. राठौड़ ने स्पष्ट किया कि जहां पीएम मोदी 'टीम इंडिया' की बात करते हैं, वहीं कांग्रेस अपने मतभेदों को सड़क पर लेकर आ रही है.

IPD टावर की बढ़ती लागत पर सवाल

जयपुर के IPD टावर को लेकर भी राठौड़ ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए. उन्होंने बताया कि गहलोत सरकार ने बिना किसी तैयारी और पार्किंग व्यवस्था के महज 50 करोड़ के बजट से इसे शुरू किया था. सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, जुलाई 2023 तक इसकी लागत 692 करोड़ हो गई थी, जो अब बढ़कर 740 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है. राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के समय केवल 12 मंजिल बनी थीं, जबकि भाजपा सरकार अब 23वीं मंजिल का काम करवा रही है और इसे जनवरी 2027 तक पूरा करने के लिए कटिबद्ध है.

राठौड़ ने अंत में कहा कि आज जब खाड़ी देशों में युद्ध के कारण तेल और गैस की सप्लाई बाधित होने का खतरा है, तब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभी दलों को साथ लेकर 'टीम इंडिया' की भावना से काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने में जुटी है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान की सियासत में पाक की एंट्री! मदन राठौड़ ने पूछा- क्या गहलोत पाकिस्तान की पैरवी कर रहे हैं?

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close