अजमेर दरगाह पर NSG कमांडो का सर्च अभियान, दरगाह परिसर का हुआ गहन निरीक्षण

एनएसजी टीम ने दरगाह परिसर में मौजूद सीसीटीवी कैमरों, एंट्री प्वाइंट, बैरिकेडिंग और आपातकालीन निकासी मार्गों की भी जांच की. इस दौरान स्थानीय पुलिस, दरगाह थाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अजमेर दरगाह में NSG की जांच

Rajasthan News: अजमेर स्थित अजमेर दरगाह में बुधवार (13 मई) को एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर नजर आईं. राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो दल ने दरगाह परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. कमांडो ने दरगाह के मुख्य प्रवेश द्वार, बुलंद दरवाजा, निजाम गेट, लंगरखाना, जन्नती दरवाजा सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का बारीकी से जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को परखा.

जानकारी के अनुसार एनएसजी टीम ने दरगाह परिसर में मौजूद सीसीटीवी कैमरों, एंट्री प्वाइंट, बैरिकेडिंग और आपातकालीन निकासी मार्गों की भी जांच की. इस दौरान स्थानीय पुलिस, दरगाह थाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे. टीम ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन किया.

Advertisement

NSG ने क्यों की जांच

सूत्रों के मुताबिक, दरगाह में लगातार बढ़ रही जायरीन की संख्या और पूर्व में मिले सुरक्षा इनपुट को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. इससे पहले भी एनएसजी और अन्य केंद्रीय एजेंसियां दरगाह परिसर का निरीक्षण कर चुकी हैं. बुधवार को हुई इस कार्रवाई को रूटीन सिक्योरिटी ऑडिट और मॉक निरीक्षण का हिस्सा माना जा रहा है.

पूर्व में अज्ञात लोगों द्वारा अजमेर दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी भी दी जा चुकी है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क बनी हुई हैं. धमकी मिलने के बाद दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई थी और आने-जाने वाले लोगों की जांच व्यवस्था को और सख्त किया गया था. इसी को देखते हुए समय-समय पर केंद्रीय एजेंसियों और एनएसजी द्वारा सुरक्षा ऑडिट किया जाता रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके.

जायरीन की आवाजाही रही जारी

दरगाह क्षेत्र में एनएसजी कमांडो की मौजूदगी के चलते कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी दिखाई दी. जांच के दौरान आम जायरीन की आवाजाही को व्यवस्थित तरीके से जारी रखा गया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और हर स्तर पर एहतियात बरता जा रहा है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 187 RAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में बदले SDM, देखें पूरी लिस्ट