Rajasthan News: नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रदेश महासचिव अनिल सारण (Anil Saran) के लिए 26 फरवरी की दोपहर किसी बुरे सपने जैसी रही. अनिल अपने काम से जयपुर स्थित विधायक आवास (बी-ब्लॉक) पहुंचे थे. वे किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी (MLA Vikash Choudhary) से मिलने आए थे, लेकिन उनके न मिलने पर भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़ (MLA Geeta Barwar) के फ्लैट पर रुक गए.
तभी एक अनजान वॉट्सऐप कॉल आया, जिसने अनिल को 'काम की बात' करने के बहाने नीचे बुलाया. अनिल को अंदाजा भी नहीं था कि नीचे उनके स्वागत के लिए फूल नहीं, बल्कि हमलावर घात लगाए बैठे हैं.
पहले अपशब्द बोले, फिर लात-घूंसे से पीटा
जैसे ही अनिल नीचे पहुंचे, आरोप है कि खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा के सोशल मीडिया इंचार्ज, विधायक के पौते रवींद्र डांगा और उनके ड्राइवर समेत 8-10 लोगों ने उन्हें घेर लिया. बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे. अनिल का आरोप है कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया. अपनी जान बचाने के लिए वे वहां से किसी तरह भागने में सफल रहे और तुरंत पुलिस को इस हमले की सूचना दी.
FIR दर्ज, CCTV फुटेज देने की मांग
इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. अनिल सारण ने न केवल ज्योति नगर थाने में नामजद FIR दर्ज करवाई है, बल्कि विधानसभा प्रशासन को भी प्रतिवेदन सौंपकर घटना स्थल के CCTV फुटेज की मांग की है. पुलिस अब उन कैमरों की तलाश में है जो इस पूरी मारपीट की गवाही दे सकें. अगर फुटेज में मारपीट की पुष्टि होती है, तो विधायक रेवंतराम डांगा के करीबियों के लिए आने वाले दिन मुश्किलों भरे हो सकते हैं.
खींवसर से जयपुर तक गरमाई सियासत
नागौर के खींवसर से ताल्लुक रखने वाले अनिल और विधायक पक्ष के बीच यह विवाद अब सत्ता और संगठन के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल, ज्योति नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच रही है कि इस हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या यह उस वक्त पैदा हुआ कोई तात्कालिक विवाद था.
ये भी पढ़ें:- 'मैं केवल नाम पुकारने वाला अध्यक्ष नहीं हूं', राजस्थान विधानसभा में बोले स्पीकर देवनानी, डोटासरा ने ली चुटकी