विज्ञापन

ओडेला खनन हादसा: नवें दिन रेस्क्यू सफल, चट्टान के नीचे दबा मिला ऑपरेटर रामानंद का शव

अलवर में 6 फरवरी को पहाड़ दरकने से ऑपरेटर 100 फीट गहरे पानी से भरे खाई में समा गया था. तबसे उसकी तलाश जारी थी. 

ओडेला खनन हादसा: नवें दिन रेस्क्यू सफल, चट्टान के नीचे दबा मिला ऑपरेटर रामानंद का शव
अलवर में चट्टान के मलबे के नीचे मिला ऑपरेटर का शव.

अलवर के रामगढ़ स्थित ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे का 9वें द‍िन शनिवार को दुखद अंत हो गया. नौ दिन से लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद NDRF और SDRF की संयुक्त टीम ने रामानंद का शव बरामद कर लिया. शव खदान में भरे पानी के भीतर एक बड़ी चट्टान के नीचे दबा मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. 

अचनाक पहाड़ दरक गया था 

खनन के दौरान अचानक पहाड़ का हिस्सा दरक गया था, जिससे पोपलेन मशीन सहित ऑपरेटर गहरी पानी भरी खाई में समा गया था. घटना के बाद से ही प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. शुरुआती दिनों में तेज बहाव और अत्यधिक जल भराव के कारण राहत कार्य में भारी दिक्कतें आईं. सबसे पहले भारी मशीनरी की मदद से पोपलेन को बाहर निकाला गया, इसके बाद खदान में भरे पानी को निकालने के लिए बड़ी मोटरों को लगाया गया, जो लगातार कई दिनों तक चलती रहीं.

चट्टान के नीचे दबा मिला ऑपरेटर  

पानी का स्तर कम होने के बाद NDRF और SDRF के जवान खदान में उतरे, और बड़े-बड़े पत्थरों को हटाने का जोखिम भरा कार्य शुरू किया. आखिरकार शनिवार को एक विशाल चट्टान के नीचे दबा शव दिखाई दिया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने शव को बाहर निकालकर रामगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है. 

रेस्क्यू सफल होने की सूचना मिलते ही रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह अस्पताल पहुंचे.  उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया.  

मृतक के परिजनों को मिलेगा मुआवजा 

एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने बताया कि प्रशासन ने पूरे समर्पण के साथ कार्य किया है. मृतक के पर‍िवार को मुआवजा दिया जाएगा.  NDRF और SDRF के टीम के अधिकारियों ने नीचे पानी में एक पीला कलर का बुलबुला बाहर तैरता दिखाई दिया. उसको ग्लास में लेकर उसकी जांच की तो पता लगा कि डेड बॉडी में से निकलने वाला तरल पदार्थ था, इसके बाद बड़ी चट्टान को हटाकर देखा तो उसके नीचे ऑपरेटर मशीन चालक रामानंद निवासी बिहार की डेड बॉडी मिली, जिसके कान में लीड लगी हुई थी. 

शव को डी-फ्रीजर एम्बुलेंस के माध्यम से मृतक के गृह राज्य भेजा जाएगा. हॉस्पिटल में मौके पर डीएसपी पिंटू कुमार, एडीएम अलवर, तहसीलदार अंकित गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. 

यह भी पढ़ें: ढाबे पर कुत्‍ता लेकर पहुंचा शख्स, खाना खा रहे लोगों ने टोंका तो चाकू से कर द‍िया हमला 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close