Pali News: राज्य सरकार के "शुद्ध आहार मिलावट पर वार" अभियान के तहत सोमवार को पाली जिले के सुमेरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम और पाली चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रीको इंडस्ट्रियल एरिया और शीतला चौक स्थित गोदामों पर अचानक छापेमारी की. इस कार्रवाई में करीब 8 हजार किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी मसाला जब्त किया गया है. विभाग ने मौके से मसालों के सात अलग-अलग नमूने लेकर जांच के लिए जयपुर प्रयोगशाला भेजे हैं.
रीको और शीतला चौक के गोदामों पर एक साथ एक्शन
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन और अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में इस विशेष टीम का गठन किया गया था. जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम तथा पाली सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के संयुक्त तत्वावधान में सुमेरपुर के 'चामुंडा ट्रेडिंग कंपनी' के गोदाम और निर्माण इकाई पर छापा मारा गया. जब टीम वहां पहुंची, तो बड़े पैमाने पर मसालों की पैकिंग और मिक्सिंग का काम चल रहा था.
ब्रांडेड पैकेटों में बंद था 'जहर', भारी मात्रा में माल सीज
कार्रवाई के दौरान सीटीसी ब्रांड के नाम से पैक किए जा रहे हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। गोदाम से 4 हजार 740 पैकेटों में भरे लगभग 2 हजार 370 किलोग्राम संदिग्ध मसालों को सीज कर दिया गया. इसके अलावा निर्माण इकाई से भी मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर के चार नमूने लिए गए तथा 5 हजार 620 किलोग्राम संदिग्ध मसाला जब्त किया गया. पूरी कार्रवाई में कुल सात नमूने लिए गए और 7 हजार 990 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी मसाला विभाग ने कब्जे में लिया.
लैब रिपोर्ट के बाद दर्ज होगी FIR
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट का ही है. प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी फर्म और मालिकों के खिलाफ 'खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006' (FSSA) की सख्त धाराओं के तहत कोर्ट में मामला दर्ज कराया जाएगा.
कार्रवाई में ये रहें शामिल
इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी दल में जयपुर केंद्रीय टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, लोकेश शर्मा, अमित शर्मा और जगदीश प्रसाद शामिल थे, जिनके साथ स्थानीय स्तर पर पाली के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा ने भी मोर्चा संभाला.
यह भी पढ़ें: Rajasthan: झीलों के शहर उदयपुर में खतरनाक हो रही झीलें, सुसाइड और बढ़ते हादसों पर चिंता