विज्ञापन

'भरतपुर में रहना है तो रंगदारी देनी होगी', होटल में युवक को पीटा, मुंह में पिस्टल डाली; थाने के पास की फायरिंग

भरतपुर में बदमाशों का दुस्साहस! पहले होटल में युवक के मुंह में पिस्टल डाली, फिर रंगदारी नहीं मिलने पर थाने के पास सरेराह कर दी फायरिंग. अज्जू ठाकुर समेत 3 गिरफ्तार. जानें पूरी कहानी...

'भरतपुर में रहना है तो रंगदारी देनी होगी', होटल में युवक को पीटा, मुंह में पिस्टल डाली; थाने के पास की फायरिंग
भरतपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद! होटल में युवक को पीटा, फिर थाने के पास की फायरिंग; पुलिस ने 3 को दबोचा
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर (Bharatpur) में बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है. शहर के एक होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान सरेराह गुंडागर्दी का ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. बदमाशों ने न केवल एक युवक के साथ बुरी तरह मारपीट की, बल्कि उसके मुंह में पिस्टल डालकर रंगदारी की मांग भी की. हद तो तब हो गई जब पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहा था, तो बदमाशों ने पुलिस थाने के पास ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

होटल में बर्थडे पार्टी के बीच बदमाशों का तांडव

वारदात 14 फरवरी की रात की है. गोपालगढ़ का रहने वाला सुमित कुमार अपने दोस्तों के साथ सारस चौराहे के पास 'सन स्टार होटल' में खाना खा रहा था. तभी अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल शर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे. ये लोग शराब के नशे में धुत थे और उनके हाथों में हथियार थे. बदमाशों ने बेवजह सुमित और उसके दोस्तों से गाली-गलौज शुरू कर दी. अज्जू ठाकुर ने सुमित को धमकाते हुए कहा, 'तू मुझे जानता नहीं है, मुझे अज्जू बदमाश कहते हैं. अगर भरतपुर में रहना है तो मुझे रंगदारी देनी पड़ेगी.'

मुंह में पिस्टल, सिर पर कट्टा रखकर जान से मारने की धमकी

पीड़ित सुमित ने बताया कि बदमाश अज्जू ने अचानक अपनी पिस्टल निकाली और उसके मुंह में डाल दी. वहीं उसके एक दूसरे साथी ने सुमित के सिर पर देसी कट्टा सटा दिया और चिल्लाकर कहा, 'बता अभी गोली मार दूं या पैसे देगा?' बदमाशों ने सुमित के साथ जमकर मारपीट की और मौके से भाग निकले. इस घटना से डरा-सहमा सुमित जब शिकायत करने के लिए मथुरा गेट थाने की तरफ बढ़ा, तो बदमाशों ने फिर से उसे घेर लिया.

मथुरा गेट थाने के पास फायरिंग, पुलिस का तगड़ा एक्शन

बदमाशों की हिम्मत देखिए कि जब सुमित थाने के करीब बिजलीघर चौराहे पर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि गोली सुमित को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया. वारदात की खबर मिलते ही सीओ सिटी, आईपीएस पंकज यादव के नेतृत्व में मथुरा गेट पुलिस और डीएसटी टीम तुरंत एक्टिव हुई. पुलिस ने घेराबंदी कर अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल शर्मा को दबोच लिया.

बदमाशों के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए. आईपीएस पंकज यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है कि वे हथियार कहां से लाए थे. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है. शहर में इस तरह की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में चिलचिलाती धूप के बीच आज छाएंगे बादल, 20 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close